स्कूल बसों पर 3 दिन में 95 हजार जुर्माना, ईस्टर्न हाईट की 7 बसों पर कार्रवाई

MP DARPAN
0

शिवपुरी। बच्चों की सुरक्षा से जुड़े नियमों के उल्लंघन पर यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। प्रदेशभर में चल रहे 10 दिवसीय विशेष स्कूल बस चेकिंग अभियान के तहत शनिवार को यातायात थाना और आरटीओ की संयुक्त टीम ने ईस्टर्न हाईट स्कूल की 9 बसों का निरीक्षण किया। जांच में 7 बसों में गंभीर कमियां मिलने पर 20 हजार रूपए का जुर्माना लगाया गया। वहीं अभियान के तीन दिनों में कुल 95 हजार रूपए की चालानी कार्रवाई की जा चुकी है।

निरीक्षण के दौरान बसों में रजिस्ट्रेशन संबंधी अनियमितताएं, यातायात नियमों का उल्लंघन, बिना नेम प्लेट संचालन, घिसे टायर, खराब स्टेपनी, क्लीनर का बिना बैज ड्यूटी पर होना जैसी खामियां सामने आईं। इसके अलावा बस संचालक सभी वाहनों के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी प्रस्तुत नहीं कर सका, जिस पर अधिकारियों ने आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चल रहे इस अभियान का उद्देश्य स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना और लापरवाह वाहन संचालन पर रोक लगाना है। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के मार्गदर्शन में यातायात थाना प्रभारी रक्षित निरीक्षक रणवीर यादव एवं आरटीओ की संयुक्त टीम लगातार स्कूल बसों की जांच कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top