शिवपुरी। जिला चिकित्सालय शिवपुरी ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि दर्ज करते हुए भारत सरकार के प्रतिष्ठित लक्ष्य और मुस्कान गुणवत्ता प्रमाणन प्राप्त किए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने अस्पताल को सुरक्षित प्रसव, नवजात एवं बाल स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर यह राष्ट्रीय पहचान प्रदान की है।
राष्ट्रीय मूल्यांकन में जिला अस्पताल को मुस्कान कार्यक्रम में 93.74 प्रतिशत, लक्ष्य के तहत लेबर रूम में 95.82 प्रतिशत तथा मेटरनिटी ओटी में 92.90 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए। यह उपलब्धि अस्पताल में उपलब्ध उच्चस्तरीय मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, संक्रमण नियंत्रण, गुणवत्ता प्रबंधन, मरीजों के अधिकारों की सुरक्षा और 24×7 विशेषज्ञ चिकित्सा व्यवस्था का प्रमाण है। 8 और 9 मई 2026 को उत्तराखंड के डॉ. पंकज माथुर एवं उत्तर प्रदेश की डॉ. अमिता गर्ग ने राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण किया। सभी गुणवत्ता मानकों पर जिला चिकित्सालय शिवपुरी खरा उतरने के बाद केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह प्रमाणन जारी किया। यह उपलब्धि न केवल जिला चिकित्सालय बल्कि पूरे शिवपुरी के लिए गर्व का विषय है। इससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में जनता का भरोसा और मजबूत होगा तथा जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।


