शिवपुरी। जिले में अवैध कॉलोनियों के कारोबार पर अब जिला प्रशासन ने सख्त शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर शहर में विकसित हो रही अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध अभियान चलाते हुए राजस्व अमले ने जेसीबी की मदद से कार्रवाई की। इस कार्रवाई से अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया है।
एसडीएम आनंद सिंह राजावत के नेतृत्व में राजस्व टीम ने मनियर क्षेत्र के सर्वे क्रमांक-275 में श्रीमती रेखा राय तथा सर्वे क्रमांक-259 में शिवराज सिंह धाकड़ द्वारा विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों का निरीक्षण किया। जांच में नियमों के विपरीत कॉलोनी विकास पाए जाने पर जेसीबी से बनाई गई आंतरिक सड़कों को हटाया गया। साथ ही संबंधित कॉलोनाइजरों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सक्षम प्राधिकारी से वैधानिक अनुमति प्राप्त किए बिना किसी भी प्रकार का कॉलोनी विकास नहीं किया जाए, अन्यथा उनके विरुद्ध और अधिक कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम नागरिकों को भी आगाह किया है कि बिना वैधानिक अनुमति वाली कॉलोनियों में प्लॉट खरीदकर अपनी जीवनभर की कमाई जोखिम में न डालें। किसी भी भूखंड में निवेश करने से पहले उसकी सभी राजस्व एवं नगर नियोजन संबंधी अनुमतियों की जांच अवश्य करें। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने नगरीय क्षेत्रों में सुनियोजित विकास, अवैध कॉलोनियों पर प्रभावी रोक तथा अनधिकृत भूखंडों की बिक्री पर नियंत्रण के लिए जिला स्तरीय कॉलोनी सेल का गठन किया है। जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।



