शिवपुरी। वर्षों से दबंगों के कब्जे में फंसी करोड़ों रुपये मूल्य की शासकीय पट्टे की भूमि आखिरकार प्रशासन ने मुक्त करा दी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर पोहरी प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम अनभौरा में करीब 150 बीघा शासकीय पट्टे की भूमि को अवैध कब्जाधारियों से खाली कराया। संयुक्त राजस्व एवं पुलिस दल की मौजूदगी में भूमि पर दोबारा 64 आदिवासी पट्टाधारी परिवारों को वैधानिक कब्जा दिलाया गया।
प्रशासन के अनुसार, छर्च क्षेत्र के ग्राम अनभौरा में कुछ लोगों ने वर्षों से आदिवासी परिवारों को आवंटित पट्टे की जमीन पर अवैध कब्जा जमा रखा था। मामले की जांच के बाद पोहरी एसडीएम जे.पी. गुप्ता के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए कब्जे हटवाए, भूमि की जुताई कराई और राजस्व अभिलेखों के अनुरूप वास्तविक पट्टाधारियों को उनकी जमीन सौंप दी। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, पटवारी और पुलिस बल की मौजूदगी में कब्जामुक्त कराई गई भूमि की अनुमानित कीमत लगभग तीन करोड़ रुपये बताई गई है। प्रशासन ने अवैध कब्जाधारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि सरकारी अथवा पट्टे की भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसडीएम जे.पी. गुप्ता ने कहा कि गरीब, दलित और आदिवासी परिवारों के अधिकारों की रक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि कोई व्यक्ति उनकी भूमि पर अवैध कब्जा करेगा तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।


