करैरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी की 4 मोटरसाइकिलें सहित दो शातिर वाहन चोर गिरफ्तार

MP DARPAN
0

शिवपुरी। करैरा थाना पुलिस ने वाहन चोर गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लाख रुपये कीमत की चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। गिरोह के दो अन्य साथी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के अपराधों पर जीरो टॉलरेंस के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी पिछोर प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में करैरा थाना पुलिस ने यह सफलता हासिल की।

करैरा टीआई विनोद छावई के अनुसार, इलाका भ्रमण के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अनीस नट खां पुत्र मुवारिक नट खां उर्फ लंपू, निवासी अमारा पिरोठ, थाना इंदार चोरी की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल लेकर करैरा आ रहा है। पुलिस ने गल्ला मंडी के पीछे किले की तलहटी में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने मोटरसाइकिल चोरी की होना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर साथी अरविंद जाटव पुत्र सीताराम जाटव उम्र 38 वर्ष निवासी न्यू कॉलोनी, करैरा के कब्जे से टीला रोड स्थित स्टेडियम की सीढिय़ों के नीचे बने कमरे में छिपाकर रखी गई तीन और चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद वाहनों में हीरो एचएफ डीलक्स क्रमांक एमपी-33 एमसी-1686, हीरो स्प्लेंडर क्रमांक एमपी-32 एमजे-4740, बजाज पल्सर तथा होंडा ड्रीम युगा क्रमांक एमपी-33 ए-8170 शामिल हैं। बरामद मोटरसाइकिलों की कुल कीमत तीन लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों ने ग्वालियर, शिवपुरी और दतिया जिलों से वाहन चोरी करना स्वीकार किया है। मामले में दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद छावई, उपनिरीक्षक राजकुमार सिंह चाहर, आरक्षक सुरेंद्र सिंह रावत तथा आरक्षक राधेश्याम जादौन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top