शिवपुरी। जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए करैरा में रेत से भरी तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त कर लीं। कार्रवाई के बाद अवैध रेत कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसडीएम करैरा अनुपम शर्मा और तहसीलदार ललित शर्मा के संयुक्त नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। प्रशासनिक टीम ने करैरा के लोकसेवा केंद्र के सामने टीला रोड पर अवैध रूप से खड़ी रेत से भरी तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को मौके पर ही जब्त कर लिया। जब्त किए गए सभी वाहनों को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए करैरा थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया है। प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध खनन और अवैध रेत परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लगातार हो रही प्रशासनिक कार्रवाई से अवैध रेत माफिया में खलबली मच गई है।


