शिवपुरी। सर्व शिक्षा अभियान के तहत संचालित जनपद शिक्षा केन्द्र शिवपुरी में बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ है। लंबे समय से बीआरसीसी के पद पर कार्यरत बालकृष्ण ओझा ने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद कलेक्टर अर्पित वर्मा ने तत्काल प्रभाव से एपीसी अतरसिंह राजौरिया को आगामी आदेश तक बीआरसीसी शिवपुरी का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया।
शुक्रवार को अतरसिंह राजौरिया ने जनपद शिक्षा केन्द्र पहुंचकर पदभार भी ग्रहण कर लिया। वे अपने मूल एपीसी दायित्वों के साथ-साथ बीआरसीसी की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। सूत्रों के अनुसार, बालकृष्ण ओझा पारिवारिक दायित्वों के चलते लंबे समय से बीआरसीसी के कार्यों को पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे थे। उनकी लगातार अनुपस्थिति और लंबी छुट्टियों के कारण जनपद शिक्षा केन्द्र से जुड़े कई कार्यों की प्रगति प्रभावित हो रही थी। इसी स्थिति के बीच उन्होंने पद छोड़ने का निर्णय लिया। डीपीसी दफेदार सिंह सिकरवार ने बताया कि ओझा के इस्तीफे के बाद प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतरसिंह राजौरिया को आगामी आदेश तक बीआरसीसी का प्रभार सौंपा गया है।


