शिवपुरी। पुरानी शिवपुरी के श्मशान घाट रोड पर स्मैक की सौदेबाजी की तैयारी कर रहे एक युवक की योजना देहात पुलिस ने नाकाम कर दी। मुखबिर की सटीक सूचना पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने 25.25 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया द्वारा चलाए जा रहे नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं नगर पुलिस अधीक्षक सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास यादव के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि काली शर्ट और सफेद हाफ पैंट पहने एक संदिग्ध युवक श्मशान घाट रोड पर स्मैक बेचने के इरादे से खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर लब्बू उर्फ नन्दू पुत्र प्रीतम कुशवाह उम्र 28 वर्ष निवासी अहीर मोहल्ला पुरानी शिवपुरी को दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से 25.25 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 264/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक विकास यादव, उपनिरीक्षक सुमित सिंह सेंगर, प्रधान आरक्षक अरुणकांत शर्मा, दीपचन्द्र, सचेन्द्र शर्मा, देवेन्द्र सेन, शकील खान, आरक्षक महेश लोधी, अरुण मेवाफरोस, प्रमोद कुशवाह, जगदीश सिंह रावत, कौशलेन्द्र रावत, सतेन्द्र सिकरवार, मनोज गौड़ तथा महिला आरक्षक गायत्री मुदगल की उल्लेखनीय भूमिका रही।


