शिवपुरी। पिछोर थाना क्षेत्र के नयाखेड़ा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में शासकीय शिक्षक और पंचायत के सरपंच पति के बीच हुआ विवाद अब पुलिस और शिक्षा विभाग की जांच का विषय बन गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।
जानकारी के अनुसार, भंवरहार पंचायत के सरपंच पति पुष्पेंद्र यादव ग्रामीणों के साथ स्कूल पहुंचे थे। उनका आरोप है कि शिक्षक नीरज गुप्ता नियमित रूप से केवल हाजिरी दर्ज कर स्कूल से चले जाते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिक्षक महिला प्रभारी को परेशान करते हैं और विद्यार्थियों से अभद्र भाषा में बात करते हैं। ग्रामीणों की लगातार शिकायतों के बाद वे शिक्षक से जवाब मांगने पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो गई। वायरल वीडियो में शिक्षक नीरज गुप्ता स्वयं पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाते दिखाई दे रहे हैं, जबकि दूसरी ओर वीडियो में शिक्षक को सरपंच पति की ओर कई बार हाथ बढ़ाते हुए भी देखा जा सकता है। पुष्पेंद्र यादव का दावा है कि शिक्षक ने ही बातचीत के दौरान उन पर हाथ उठाया और उनके हाथ पर तीन बार थप्पड़ मारा। उनका कहना है कि घटना के समय कक्षा में ग्रामीणों के अलावा शाला प्रभारी और बच्चे भी मौजूद थे। दूसरी ओर, शिक्षक नीरज गुप्ता का पक्ष सामने नहीं आ सका। संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला। घटना के बाद सरपंच पति ने पिछोर थाना और शिक्षा विभाग में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है, वहीं शिक्षा विभाग भी वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के आरोपों की पड़ताल कर रहा है। अब जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि स्कूल में विवाद की असली वजह क्या थी और थप्पड़ मारने के आरोपों में किसकी बात सही है।


