कलेक्टर ने कृषि संस्थानों के निरीक्षण में मृदा परीक्षण से बीज वितरण तक परखी व्यवस्थाएं

MP DARPAN
0

शिवपुरी। किसानों को बेहतर सेवाएं और कृषि विभाग की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर अर्पित वर्मा ने गुरुवार को कोलारस और रन्नौद स्थित कृषि संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। मृदा परीक्षण केंद्र, एसडीओ कृषि कार्यालय और शासकीय बीज प्रक्रिया केंद्र का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कार्यप्रणाली, रिकॉर्ड संधारण और किसानों को मिलने वाली सुविधाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उप संचालक कृषि मुनेश शाक्य सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

कोलारस स्थित मृदा परीक्षण केंद्र में कलेक्टर ने मशीनों की कार्यस्थिति, तकनीकी संचालन और रिकॉर्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों को मृदा परीक्षण की सुविधा बिना देरी के मिले। साथ ही कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव और भवन की आवश्यक मरम्मत शीघ्र कराने के निर्देश दिए। इसके बाद एसडीओ कृषि कार्यालय में उन्होंने उपस्थिति पंजी और कार्यालयीन कार्यप्रणाली की जांच की। अधिकारियों को समय पर उपस्थित रहने, फाइलों और दस्तावेजों का व्यवस्थित संधारण करने तथा प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। रन्नौद स्थित शासकीय कृषि प्रक्षेत्र के बीज प्रक्रिया केंद्र में कलेक्टर ने बीजों की सफाई, ग्रेडिंग, भंडारण और वितरण व्यवस्था का निरीक्षण किया। अधिकारियों से भंडारण क्षमता और किसानों तक बीज उपलब्ध कराने की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने दो टूक कहा कि बीजों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और किसानों को समय पर उच्च गुणवत्ता के बीज उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। निरीक्षण के अंत में कलेक्टर अर्पित वर्मा ने स्पष्ट संदेश दिया कि कृषि विभाग के सभी संस्थान किसानों के हित के लिए हैं। इसलिए लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध कार्यप्रणाली अपनाते हुए किसानों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top