कलेक्टर का बड़ौदी स्कूल में औचक निरीक्षण, बच्चों से किया संवाद

MP DARPAN
0

शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं के दिए निर्देश

शिवपुरी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने गुरुवार को शिवपुरी के बड़ौदी सड़क स्थित एकीकृत शाला शासकीय माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया, उनकी पढ़ाई का स्तर परखा और शिक्षकों की उपस्थिति की भी जानकारी ली। कलेक्टर ने शिक्षकों को निर्देश दिए कि प्रत्येक विद्यार्थी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए और सीखने के स्तर में सुधार के लिए नियमित प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास का माध्यम भी है।

निरीक्षण के दौरान श्री वर्मा ने विद्यालय परिसर की स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, शौचालयों और अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया कि परिसर हमेशा साफ-सुथरा रहे और विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। कलेक्टर ने छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने भविष्य के प्रति गंभीर रहने की प्रेरणा दी। बच्चों के साथ उनकी सहज बातचीत से कक्षा का माहौल उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक बन गया। निरीक्षण के अंत में कलेक्टर अर्पित वर्मा ने कहा कि विद्यालय में अनुशासित, सकारात्मक और प्रेरक शैक्षणिक वातावरण बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को सभी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के साथ सुदृढ़ करने और शिक्षा की गुणवत्ता में लगातार सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top