48 घंटे में खुला 50 साल पुराना रास्ता: कलेक्टर के निर्देश पर प्रशासन का एक्शन, अतिक्रमण हटाकर ग्रामीणों को मिली राहत

MP DARPAN
0

शिवपुरी। जनसुनवाई में उठी समस्या पर जिला प्रशासन ने महज 48 घंटे के भीतर कार्रवाई कर नरवर के ग्राम चकरामपुर में वर्षों से अवरुद्ध पड़े 50 साल पुराने सार्वजनिक रास्ते को अतिक्रमण मुक्त करा दिया। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर रास्ते से पत्थर और बोल्डर हटाए तथा आवागमन बहाल कराया।

ग्रामीणों ने हाल ही में जनसुनवाई में शिकायत की थी कि रावतपुरा स्कूल रोड से बड़ोनियापुरा मजरा तक जाने वाला सार्वजनिक मार्ग अतिक्रमण के कारण बंद हो गया है। इससे स्कूली बच्चों, किसानों और ग्रामीणों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर अर्पित वर्मा ने तहसीलदार विजय कुमार त्यागी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और करीब 300 मीटर लंबे तथा 15 फीट चौड़े रास्ते से अतिक्रमण हटाकर उसे दोबारा आवागमन योग्य बना दिया। कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने जिला प्रशासन की त्वरित पहल की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय से बंद रास्ता खुलने से बच्चों के स्कूल जाने और ग्रामीणों के आवागमन की बड़ी समस्या समाप्त हो गई है। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने स्पष्ट किया है कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान कर शासन के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत करना है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top