नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान की शुरुआत, एसपी ने दिलाई शपथ, बाइक रैली को दिखाई हरी झंडी
नशे के सौदागरों को बख्शा नहीं जाएगा: एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया
शिवपुरी। जिले में नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का आगाज करते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने बुधवार को नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान का शुभारंभ किया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई तथा जनजागरूकता बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने स्पष्ट संदेश दिया कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने जिले के सभी एसडीओपी और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि 15 से 30 जुलाई तक चलने वाले इस विशेष अभियान को जनभागीदारी के साथ प्रभावी ढंग से संचालित करें और मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, तस्करी, परिवहन व संग्रहण में लिप्त लोगों पर लगातार सख्त कार्रवाई करें। एसपी ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद कर देता है। युवाओं को इसकी गिरफ्त से बचाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से जिले के स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के तहत जनजागरूकता रैलियां, नुक्कड़ नाटक, संगोष्ठियां, शपथ ग्रहण कार्यक्रम, चित्रकला, निबंध, भाषण और स्लोगन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं और आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया जाएगा। सोशल मीडिया के जरिए भी लगातार जागरूकता संदेश प्रसारित किए जाएंगे। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है। यदि कहीं भी नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।



