तहसीलदार की आईडी से खेल, फर्जी किसान पंजीयन और खाद ई-टोकन घोटाला उजागर, कंप्यूटर ऑपरेटर पर एफआईआर

MP DARPAN
0

शिवपुरी। करैरा तहसील में किसान पंजीयन और खाद वितरण व्यवस्था में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। तहसीलदार की लॉगिन आईडी का कथित रूप से दुरुपयोग कर नियमों के विरुद्ध किसान पंजीयन सत्यापित किए गए और खाद के फर्जी ई-टोकन जारी कर दिए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर जांच के बाद करैरा तहसील के कंप्यूटर ऑपरेटर धर्मवीर लोधी के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

कलेक्टर के निर्देश पर गठित जांच दल में उप संचालक कृषि मुनेश कुमार शाक्य, एसडीएम एवं नोडल अधिकारी अनुपम शर्मा, तहसीलदार ललित शर्मा, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी फूल सिंह हिंडोलिया, क्षेत्रीय पटवारी तथा कृषि विस्तार अधिकारी शामिल रहे। टीम ने ग्राम वीरा में औचक जांच की, जहां प्राथमिक जांच में सामने आया कि तहसीलदार की आईडी का अनाधिकृत उपयोग कर किसान पंजीयन सत्यापित किए गए और खाद के ई-टोकन जारी किए गए। उप संचालक कृषि मुनेश कुमार शाक्य ने बताया कि जांच में यह भी पाया गया कि ई-टोकन में किसानों के गांव के नाम गलत दर्ज किए गए, जबकि संबंधित किसान वास्तव में ग्राम वीरा के निवासी हैं। मामले में सोनू ओझा, छोटू ओझा, महेश कोली, यशवंत लोधी और सेतू लोधी की भी जांच की गई, लेकिन सभी मौके से फरार मिले। परिजनों के बयान दर्ज कर पंचनामा तैयार किया गया। परिजनों ने खाद खेत में उपयोग कर लेने की बात कही, हालांकि मौके पर खाद का कोई स्टॉक नहीं मिला। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने स्पष्ट कहा कि अन्नदाताओं के साथ धोखाधड़ी करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने संकेत दिए कि इस पूरे फर्जीवाड़े में शामिल हर व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top