जिलेभर में स्कूल, आंगनवाड़ी और राशन दुकानों पर औचक जांच, कई जगह मिलीं गंभीर खामियां

MP DARPAN
0

शिवपुरी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर मंगलवार को जिलेभर में राजस्व अधिकारियों ने सरकारी स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों, उचित मूल्य की दुकानों, स्वास्थ्य केंद्रों और अन्य शासकीय संस्थानों का सघन औचक निरीक्षण किया। अभियान का उद्देश्य शिक्षा, पोषण, राशन वितरण और शासकीय सेवाओं की जमीनी हकीकत परखना था। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर लापरवाही सामने आई, जिसके बाद संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

कोलारस अनुभाग में एसडीएम अनूप श्रीवास्तव ने ग्राम कूड़ा के शासकीय प्राथमिक विद्यालय और आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। यहां आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हर्षा शर्मा अनुपस्थित मिलीं और केंद्र में एक भी बच्चा मौजूद नहीं था। एसडीएम ने संबंधित कार्यकर्ता के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। करैरा तहसीलदार ललित शर्मा ने ग्राम टीला के शासकीय एकीकृत विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें गांव का छात्र कान्हा केवट मिला, जिसने आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई छोड़ दी थी। तहसीलदार ने मौके पर ही उसका दोबारा स्कूल में प्रवेश कराकर आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया। शिवपुरी तहसील में तहसीलदार सिद्धार्थ शर्मा, शिप्रा उपाध्याय और कल्पना शर्मा ने व्हीटीपी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, विवेकानंद कॉलोनी वार्ड-2 के आंगनवाड़ी केंद्र तथा सतनवाड़ा कलां के शासकीय माध्यमिक विद्यालय और आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। करैरा एसडीएम अनुपम शर्मा तथा पिछोर एसडीएम ममता शाक्य ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का परीक्षण किया। पोहरी अनुभाग में एसडीएम जे.पी. गुप्ता, बैराड़ तहसीलदार द्रगपाल सिंह बैश और कार्यपालिक मजिस्ट्रेट अजय परसेडिया ने दर्जनभर से अधिक स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों, पीडीएस दुकानों, खाद्य गोदाम और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। कामलाखेड़ी, आनंदपुर (झिरी), अतवेई, झिरी, सड़, ककरई और श्रीपुरा में निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं, जिन पर नोटिस जारी करने और जांच के निर्देश दिए गए। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शैक्षणिक गुणवत्ता, मध्यान्ह भोजन, पोषण आहार, राशन वितरण और शासकीय सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलेभर में औचक निरीक्षण का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top