मप्र राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव का छात्रावासों में औचक निरीक्षण, खामियों पर लगाई फटकार, छात्राओं को मौके पर दिलाई खेल सामग्री

MP DARPAN
0

ठकुरपुरा और करौंदी छात्रावासों में अनियमितताओं पर कार्रवाई के निर्देश, बेहतर व्यवस्थाओं वाले कन्या छात्रावासों की सराहना, विद्यार्थियों से बोले- समस्या हो तो सीधे आयोग से करें संपर्क

शिवपुरी। मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने सोमवार को जिले के विभिन्न अनुसूचित जाति छात्रावासों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी। उन्होंने शासकीय अनुसूचित जाति सीनियर बालक छात्रावास ठकुरपुरा, करौंदी, महाविद्यालयीन कन्या नवीन छात्रावास और शासकीय अनुसूचित जाति सीनियर कन्या नवीन छात्रावास का निरीक्षण कर छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद किया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

ठकुरपुरा और करौंदी छात्रावासों में शयन कक्ष, रसोई, खाद्यान्न की गुणवत्ता, पेयजल व्यवस्था और साफ-सफाई का निरीक्षण करने पर कई कमियां सामने आईं। अभिलेखों में भी अनियमितताएं मिलने पर डॉ. जाटव ने कड़ी नाराजगी जताते हुए स्टॉक पंजी और विद्यार्थियों के पालकों के संपर्क विवरण तत्काल अपडेट करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी से अनुपस्थित मिले छात्रावास अधीक्षकों के विरुद्ध तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के आदेश भी दिए गए। इसके विपरीत महाविद्यालयीन कन्या नवीन छात्रावास और अनुसूचित जाति सीनियर कन्या नवीन छात्रावास की व्यवस्थाओं की उन्होंने खुलकर सराहना की। परिसर में विकसित सुंदर गार्डन को अन्य छात्रावासों के लिए आदर्श बताते हुए अधिकारियों को इसी स्तर की व्यवस्थाएं विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर से कचरे और अनुपयोगी सामग्री को नियमित रूप से हटाने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान डॉ. जाटव ने छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए बैडमिंटन रैकेट, क्रिकेट बैट-बॉल, कैरम बोर्ड और बोरिक पाउडर की तत्काल व्यवस्था कराई। उन्होंने विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यदि छात्रावास में किसी भी प्रकार की समस्या, लापरवाही या असुविधा हो तो वे बिना संकोच सीधे अनुसूचित जाति आयोग से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि हर शिकायत का त्वरित समाधान और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

शिक्षा से ही मिलेगा सम्मान और विकास : डॉ. कैलाश जाटव 

मीडिया से भेदभाव के मामलों की तत्काल सूचना देने की अपील

मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने शिवपुरी के मानस भवन में आयोजित सामाजिक संवाद कार्यक्रम में शिक्षा को समाज की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही प्रगति, सम्मान और आत्मनिर्भरता का आधार है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने का आह्वान किया और कहा कि अनुसूचित जाति सहित समाज के हर वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए आयोग पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में डॉ. जाटव ने नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव और अनुभव सुने तथा भरोसा दिलाया कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और अधिकारों के हनन के मामलों में आयोग त्वरित कार्रवाई करेगा। इसके बाद सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों के साथ बैठक कर क्षेत्रीय विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और स्थानीय समस्याओं के समाधान पर विस्तृत चर्चा की। प्रेसवार्ता में उन्होंने मीडिया को लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ बताते हुए कहा कि भेदभाव, अन्याय या अव्यवस्था के मामलों की सूचना तत्काल आयोग तक पहुंचाई जाए, ताकि दोषियों पर समयबद्ध कार्रवाई हो सके। कार्यक्रम में जसवंत जाटव, लवलेश जैन, कमलकिशोर कोड़े, श्यामलाल शाक्य, मदन खटीक, नरेंद्र राहुल, सुभाष जाटव, के.पी. परमार, वीरसिंह सगर, सत्यप्रकाश भरदेलिया, ज्ञाजीत बाबर डांडे, मनोज डांडे, नवलसिंह सोलंकी और गिर्राज शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top