शहरभर में घेराबंदी कर रातौर तिराहे से खोज निकाले तीनों बच्चे
शिवपुरी। शहर के व्यस्ततम माधव चौक क्षेत्र से तीन नाबालिग बच्चों के अचानक लापता होने की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए महज 30 मिनट में तीनों बच्चों को सकुशल तलाश कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस तेज कार्रवाई से संभावित अनहोनी टल गई और परिजनों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार 19 जुलाई 2026 को एक फरियादी ने कोतवाली थाने पहुंचकर सूचना दी कि उसके तीन नाबालिग बच्चे माधव चौक क्षेत्र से कहीं चले गए हैं और काफी तलाश के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल रहा। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी टीआई रोहित दुबे ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं एसडीओपी सचिन कुमार धुर्वे को अवगत कराया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल विशेष सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। टीआई रोहित दुबे के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कर पुराना बस स्टैंड, माधव चौक, गुरुद्वारा चौराहा, न्यू ब्लॉक, झांसी चौराहा, गुना बायपास, फतेहपुर चौराहा सहित शहर के प्रमुख मार्गों और संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। पुलिस ने हर सूचना पर तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 30 मिनट के भीतर रातौर तिराहे से तीनों बच्चों को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया। बच्चों के सकुशल मिलने के बाद उन्हें उनके माता-पिता के सुपुर्द किया गया। अपने बच्चों को सुरक्षित देखकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने कोतवाली पुलिस की मुस्तैदी, संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। उक्त कार्रवाई में टीआई रोहित दुबे, उपनिरीक्षक सुमित शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक विवेक भट्ट, प्रधान आरक्षक गजेंद्र परिहार, प्रधान आरक्षक भगवत चतुर्वेदी, आरक्षक राहुल कुमार तथा चालक आरक्षक शरद यादव की विशेष भूमिका रही।


