कुपोषण के खिलाफ मैदान में उतरेंगी नई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, 8 दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

MP DARPAN
0

शिवपुरी। महिला एवं बाल विकास विभाग ने जिले में बच्चों और मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने की दिशा में पहल करते हुए नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए 8 दिवसीय इंडक्शन प्रशिक्षण शुरू किया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेंद्र सिंह जादौन के निर्देशन में 19 से 26 जुलाई तक जिला कार्यालय के मीटिंग हॉल में आयोजित प्रशिक्षण के पहले चरण में 40 नवचयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है।

प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल औपचारिक जानकारी देना नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं को गांव स्तर पर बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं तक गुणवत्तापूर्ण सेवाएं पहुंचाने के लिए व्यवहारिक रूप से सक्षम बनाना है। प्रशिक्षण में आंगनबाड़ी केंद्र संचालन, विभागीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, बच्चों के पोषण स्तर की निगरानी, टीकाकरण, कुपोषण की पहचान, सामुदायिक सहभागिता तथा हितग्राहियों तक सरकारी योजनाओं का समय पर लाभ पहुंचाने की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेन्द्र सिंह जादौन ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता विभाग की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से गांव-गांव में पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। प्रशिक्षण के नोडल अधिकारी एवं सहायक संचालक पवन तिवारी ने बताया कि प्रशिक्षण में पोषण ट्रैकर ऐप, स्मार्ट उपकरणों के उपयोग, ऑनलाइन मॉनिटरिंग, सही डेटा संधारण और डिजिटल कार्यप्रणाली की भी जानकारी दी जा रही है, ताकि सेवाओं की गुणवत्ता और पारदर्शिता बढ़ाई जा सके। प्रशिक्षण में परियोजना अधिकारी नीरज गुर्जर, पर्यवेक्षक आशा दुबे, मंजू धाकड़, प्रशिक्षक माया मिश्रा तथा सामाजिक कार्यकर्ता जीतेश जैन सहित विभागीय विशेषज्ञ विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण देकर कार्यकर्ताओं की क्षमता विकसित कर रहे हैं। विभाग का उद्देश्य प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं के माध्यम से गांव-गांव तक बेहतर पोषण और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top