शिवपुरी। सुभाषपुरा थाना पुलिस ने एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाई कर फरार अपराधियों और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सख्त संदेश दिया है। पुलिस ने चार वर्ष से फरार 7 लाख रूपए की धोखाधड़ी के 1000 रूपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही 60 लीटर अवैध कच्ची शराब जब्त कर एक तस्कर को भी जेल भेज दिया। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं एसडीओपी सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अरविंद सिंह चौहान के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पहली कार्रवाई में वर्ष 2023 के अपराध क्रमांक 17/2023 में फरार चल रहे 1000 रूपए के इनामी आरोपी शिवराज मोगिया उम्र 26 वर्ष पुत्र कैलाश मोगिया निवासी ग्राम सेवड़ा, थाना सुभाषपुरा (हाल निवासी धरैटा चक, थाना धरनावदा, जिला गुना) को मुखबिर की सूचना पर बरखे मंदिर पुलिया, सेवड़ा-गोपालपुर मार्ग से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। आरोपी पर नकली सोने के मोतियों को असली बताकर फरियादी से 7 लाख रूपए की धोखाधड़ी करने का आरोप है। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धौलागढ़ के पास से मिथुन मोगिया (शिकारी) पुत्र मुन्ना मोगिया उम्र 36 वर्ष निवासी ग्राम कैमई, थाना बैराड़ को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से दो प्लास्टिक कैनों में भरी 30-30 लीटर, कुल 60 लीटर देशी हाथ भट्टी की कच्ची शराब बरामद की गई। आरोपी के पास शराब रखने या बेचने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर उसे भी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। इन दोनों सफल कार्रवाइयों में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अरविंद सिंह चौहान, सउनि अरुण वर्मा, सउनि महेशदत्त शर्मा, प्रधान आरक्षक अभय सिंह, आरक्षक अवधेश शर्मा, सुखवीर सिंह जाट, धर्मेंद्र शर्मा, काले खान, महेंद्र कुशवाह, अर्जुन सिंह जाट तथा प्रधान आरक्षक चालक राजेश मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


