शिवपुरी। पुलिस की वर्दी केवल कानून लागू करने का प्रतीक नहीं, बल्कि समाज के लिए आदर्श भी हो सकती है इसे साबित किया है शिवपुरी के अजाक थाना प्रभारी आचार्य डॉ. रणजीत सिंह रघुवंशी ने। उन्होंने 50 रुपये के गैर-न्यायिक स्टाम्प पर आजीवन नशामुक्त और गाली-मुक्त जीवन जीने का शपथपत्र देकर एक अनूठी मिसाल पेश की है।
23 जुलाई 2026 को जारी शपथपत्र में डॉ. रघुवंशी ने स्पष्ट घोषणा की है कि वे जीवनभर चाय, कॉफी, बीड़ी, सिगरेट, शराब, मांस, मछली, अंडा सहित किसी भी प्रकार के नशे या व्यसन का सेवन नहीं करेंगे। इतना ही नहीं, उन्होंने किसी भी व्यक्ति के लिए अपशब्द या गाली का प्रयोग न करने का भी आजीवन संकल्प लिया है। इस पहल की सबसे उल्लेखनीय बात यह है कि उन्होंने शपथपत्र में स्वयं लिखा है कि यदि भविष्य में उनकी किसी भी घोषणा का उल्लंघन सिद्ध होता है, तो पुलिस विभाग यदि उन्हें सेवा से पृथक करता है, तब भी उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी। एक पुलिस अधिकारी का ऐसा आत्मअनुशासन और सार्वजनिक संकल्प पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया है। लोग इसे केवल व्यक्तिगत प्रतिज्ञा नहीं, बल्कि समाज को नशामुक्त, संयमित और संस्कारित जीवन की दिशा में प्रेरित करने वाली ऐतिहासिक पहल मान रहे हैं।


