सरकारी योजनाओं के नाम पर आदिवासियों से ठगी करने वाला गिरोह बेनकाब, एक आरोपी गिरफ्तार

MP DARPAN
0

कई और पीड़ितों की आशंका

शिवपुरी। सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर भोले-भाले आदिवासी परिवारों से हजारों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पोहरी पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के एक सदस्य जाहिद खान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है, जबकि फरार आफताब खान और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में कई अन्य आदिवासी परिवारों को भी इसी तरह ठगी का शिकार बनाए जाने के संकेत मिले हैं।

मामला ग्राम अहेरा निवासी कमलफूल पुत्र छिगरिया आदिवासी की शिकायत से सामने आया। आरोपियों ने खुद को जनपद पंचायत का कर्मचारी बताकर दिवंगत पत्नी के नाम स्वीकृत मुख्यमंत्री संबल योजना की 2 लाख रुपये की सहायता राशि दिलाने का झांसा दिया। भरोसा जीतने के बाद उन्होंने आधार कार्ड, बैंक पासबुक सहित जरूरी दस्तावेज ले लिए और अलग-अलग बहाने बनाकर 25 हजार रुपये ठग लिए। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति तथा एसडीओपी आनंद राय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रवि चौहान ने उपनिरीक्षक सीमा धाकड़ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और अन्य प्रमाणों के आधार पर आरोपी जाहिद खान पुत्र मुनब्बर खान उम्र 38 वर्ष निवासी देवरी, हाल किले के अंदर पोहरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर कई अन्य आदिवासी परिवारों को भी अपना निशाना बना चुके हैं। पहचान छिपाने के लिए वे फर्जी मोबाइल नंबर और मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते थे। पुलिस अब फरार आफताब खान और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है तथा अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी रवि चौहान, उपनिरीक्षक सीमा धाकड़, प्रधान आरक्षक सुरेन्द्र भगत, आरक्षक अरुण जादौन, राजेन्द्र खरे, सुनील धाकड़ एवं अशोक बिटोलिया की कार्रवाई में विशेष भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top