शिवपुरी। पिछोर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को रिश्तों की कड़वाहट खूनी हमले में बदल गई। उत्तर प्रदेश से मायके आई महिला के पूर्व पति ने कथित तौर पर बीच रास्ते उसके वर्तमान पति पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरे युवक को बचाने पहुंची महिला को भी आरोपी ने नहीं बख्शा और उसके साथ मारपीट कर दी। सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घायल युवक का मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, बदायूं उत्तर प्रदेश निवासी विनय कुमार उम्र 32 वर्ष अपनी पत्नी सविता के साथ 24 जुलाई को उसके मायके पिछोर आया था। दोनों ग्राम रेवई से पैदल पिछोर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नहर की पुलिया के पास सविता का पूर्व पति धर्मेन्द्र नाथ सामने आ गया। पुरानी रंजिश के चलते उसने कथित रूप से विनय पर पेट्रोल उड़ेलकर लाइटर से आग लगा दी। कुछ ही पलों में विनय आग की लपटों से घिर गया। उसके हाथ, छाती, कंधे, गला और शरीर के कई हिस्से गंभीर रूप से झुलस गए। पति को बचाने के लिए दौड़ी सविता के साथ भी आरोपी ने लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे उसे भी चोटें आईं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया और घायल को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। सूचना मिलते ही पिछोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने एक बार फिर व्यक्तिगत रंजिश के हिंसक रूप को उजागर कर दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


