शिवपुरी। शहर को नशामुक्त बनाने की मुहिम के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 21.80 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत 4.20 लाख रूपए बताई गई है। आरोपी रेलवे अंडरब्रिज के पास स्मैक बेचने की फिराक में खड़ा था।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति एवं नगर पुलिस अधीक्षक सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर मनियर-ईटमा रेलवे अंडरब्रिज के पास दबिश दी। पुलिस को देखते ही संदिग्ध भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मनोज कुचवंदिया उम्र 38 वर्ष पुत्र रतनलाल कुचवंदिया निवासी सहराना मनियर शिवपुरी बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 21.80 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 564/26 में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में आरोपी के आपराधिक प्रवृत्ति का होने की जानकारी मिली है। पुलिस अब स्मैक की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि नशामुक्ति अभियान 2.0 के तहत शहर में नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे, उप निरीक्षक अरविंद छारी, उप निरीक्षक सुमित शर्मा, उप निरीक्षक प्रवीण त्रिवेदी, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र परिहार, प्रधान आरक्षक अवतार सिंह, आरक्षक महेन्द्र तोमर, आरक्षक राहुल कुमार, आरक्षक अजीत राजावत एवं आरक्षक देवेन्द्र रावत की सराहनीय भूमिका रही।


