शिवपुरी। कोलारस के राजापुरा रोड पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक घटना में राष्ट्रीय पक्षी मोर की बिजली के हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर के समय मोर उड़ते हुए विद्युत विभाग की हाईटेंशन लाइन पर बैठ गया। इसी दौरान तेज करंट लगने से वह नीचे सड़क पर आ गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना देख आसपास के लोगों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत मोर को कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की। बाद में शव को अंतिम संस्कार की प्रक्रिया के लिए वन विभाग अपने साथ ले गया। वन परिक्षेत्र अधिकारी गोपाल सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच में मोर की मौत करंट लगने से होना सामने आया है। मृत मोर को कब्जे में लेकर नियमानुसार अंतिम संस्कार की कार्रवाई की जा रही है।


