जंगल की जमीन पर कब्जे की जुताई, ट्रैक्टर लेकर पहुंचा अतिक्रमणकारी, वन अमले ने घेरकर पकड़ा

MP DARPAN
0

ट्रैक्टर-कल्टीवेटर जब्त, आरोपी गिरफ्तार, दो माह में 12 से ज्यादा वाहन पकड़े

शिवपुरी। वनभूमि को खेत में बदलकर कब्जा जमाने की तैयारी थी। ट्रैक्टर और कल्टीवेटर लेकर वन क्षेत्र में पहुंचा और जुताई शुरू कर दी, लेकिन वन विभाग की नजर से बच नहीं सका। कोलारस वन परिक्षेत्र में वन अमले ने घेराबंदी कर अवैध जुताई रुकवाई, आरोपी को गिरफ्तार किया और ट्रैक्टर-कल्टीवेटर जब्त कर लिया।

मामला बीट कोटानाका-ब के कक्ष क्रमांक पीएफ 1188 का है। गश्त के दौरान वन अमले को वनभूमि पर जुताई की खबर मिली। टीम बिना देर किए मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए जुताई में लगे वाहन जब्त कर लिए। आरोपी के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई। इस कार्रवाई वन संरक्षक आदर्श श्रीवास्तव और वन मंडलाधिकारी सुधांशु यादव के मार्गदर्शन, उप वन मंडलाधिकारी करैरा आदित्य शांडिल्य के निर्देशन तथा वन परिक्षेत्राधिकारी कोलारस गोपाल सिंह जाटव के नेतृत्व में हुई। मौके की कार्रवाई में वनपाल परिक्षेत्र सहायक खरई दक्षिण बृजेन्द्र श्रीवास्तव, उप वनक्षेत्रपाल श्रीमती रुकमणि भगत, वनरक्षक कैलाश यादव, प्रताप राठौर, गिर्राज राजपूत, रामसुखी रघुवंशी, मनोज आदिवासी एवं दिनेश सहरिया शामिल रहे।

दो महीने में 12 से ज्यादा वाहन जब्त

कोलारस में वनभूमि पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ वन विभाग का अभियान लगातार जारी है। विभाग के अनुसार पिछले दो माह में वन अपराधों में इस्तेमाल 12 से अधिक वाहन जब्त किए जा चुके हैं। ताजा कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि वनभूमि पर कब्जे की कोशिश करने वालों पर वन विभाग की नजर है और मौके पर ही कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top