स्वास्थ्यकर्मियों और सामाजिक संस्थाओं ने दिया जागरूकता का संदेश, 12 अक्टूबर तक ग्राम से शहर तक होंगे आयोजन
शिवपुरी। एचआईवी-एड्स की रोकथाम और इसके प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को शिवपुरी में मोटर साइकिल रैली निकाली गई। एड्स सघन जागरूकता अभियान के तहत स्वास्थ्यकर्मियों एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा आयोजित रैली में लोगों को एड्स की गंभीरता, बचाव, जांच और उपचार के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के अंतर्गत 12 अक्टूबर 2026 तक जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर ने बताया कि कलेक्टर अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में 12 अगस्त से 12 अक्टूबर तक एड्स सघन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला चिकित्सालय शिवपुरी से जिला क्षय अधिकारी एवं एड्स कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. प्रदीप शर्मा के नेतृत्व में मोटर साइकिल रैली निकाली गई। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस जिला चिकित्सालय पहुंची। जिला चिकित्सालय में आयोजित व्याख्यान कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सिविल सर्जन डॉ. आरपी सिंह एवं एड्स कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. प्रदीप शर्मा ने एचआईवी-एड्स के संक्रमण के कारणों, बचाव, जांच एवं उपचार की जानकारी दी। वक्ताओं ने जिले में नशे के कारण बढ़ रहे एचआईवी संक्रमण को लेकर चिंता जताई और युवाओं सहित आमजन से नशे से दूर रहने तथा जिले को नशामुक्त बनाने में सहयोग का आह्वान किया। कार्यक्रम में एएनएस अधिकारी पीजी कॉलेज शिवपुरी, परामर्शदाता शादिक खान, धर्मेन्द्र गुप्ता, नीरज शर्मा, लखन जाटव, राजकुमार माथुर, नित्यप्रकाश मिश्रा, एनजीओ प्रतिनिधि एमएनई अंकिता दीक्षित, विहान संस्था से अनूप भार्गव, एएनएम टीसी प्रभारी अर्चना श्रीवास्तव, ऋषभ गुप्ता, ब्रजेश कुशवाह सहित स्वास्थ्य विभाग के एएनएम एवं नर्सिंग अधिकारी उपस्थित रहे।
एड्स जागरूकता के लिए ग्राम से लेकर शहर तक होंगे आयोजन
-25 ग्रामों में सघन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे।
-114 ग्राम सभाओं में सीएचओ के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम होंगे।
-11 शासकीय एवं निजी कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे।
-कॉलेज स्तर पर सेमिनार एवं युवा संवाद कार्यक्रम होंगे।
-101 हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में जागरूकता व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे।


