आठ स्थानों पर होंगे शिविर, रक्तदान के साथ कुष्ठ, क्षय, डेंगू-मलेरिया की भी होगी स्क्रीनिंग
शिवपुरी। समग्र शिक्षा अभियान के तहत कक्षा 1 से 8 तक अध्ययनरत एवं पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों के स्वास्थ्य और दिव्यांगता परीक्षण के लिए जिले में 23 सितंबर से 1 अक्टूबर तक विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों के साथ रक्तदान शिविर भी लगाए जाएंगे।
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर ने स्वास्थ्य, शिक्षा एवं महिला-बाल विकास विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर आयोजित इन शिविरों की शुरुआत दूरस्थ विकासखंड खनियाधाना से होगी। शिविरों में दिव्यांग बोर्ड, शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक और जन्मजात बीमारियों की पहचान के लिए आरबीएसके मोबाइल हेल्थ टीम उपलब्ध रहेगी। जरूरत के अनुसार रक्त नमूना जांच और क्षय रोग संदिग्ध मरीजों के लिए छाती के एक्स-रे की सुविधा भी रहेगी। रक्तदान के लिए चलित रक्त संग्रहण एंबुलेंस तथा कुष्ठ, क्षय, डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों की स्क्रीनिंग के लिए विकासखंड स्तर के स्वास्थ्यकर्मियों को तैनात किया जाएगा।
कहां-कब होंगे शिविर
23 सितंबर पीएमश्री माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 खनियाधाना, 24 को सरस्वती शिशु मंदिर करैरा, 25 को बीआरसीसी कार्यालय नरवर, 26 को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 पिछोर, 28 को शासकीय मॉडल स्कूल बदरवास, 29 को बीआरसीसी कार्यालय पोहरी, 30 को बीआरसीसी कार्यालय कोलारस और 1 अक्टूबर बीआरसीसी कार्यालय शिवपुरी में शिविर लगाया जाएगा।


