315 बोर का कट्टा और 2 जिंदा कारतूस बरामद, चोरी-लूट के मामलों में फरार आरोपी भी दबोचे
शिवपुरी। फरार बदमाशों और स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सुभाषपुरा पुलिस ने रविवार को लगातार कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें चोरी, लूट और मारपीट के मामलों में फरार चल रहे आरोपी तथा न्यायालय का स्थायी वारंटी शामिल हैं। वहीं पुलिस ने एक आरोपी को 315 बोर के देशी कट्टे और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं एसडीओपी सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उनि अरविन्द सिंह चौहान ने टीम गठित कर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया। 27 सितंबर को पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी, तभी चोरपुरा पहाड़िया के पास एक युवक के अवैध हथियार लेकर घूमने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही भागने का प्रयास कर रहे युवक को दबोच लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान अक्षय उर्फ कुकड़ी पुत्र स्व. राजू उर्फ मकेश मोगिया उम्र 25 वर्ष निवासी शमशाबाद जिला विदिशा के रूप में हुई। तलाशी में उसके कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा और दो जिंदा राउंड बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 134/26, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इसी दौरान पुलिस को गाराघाट रेस्ट हाउस के पास न्यायालय शिवपुरी के स्थायी वारंटी विश्वनाथ पुत्र बड़ा सूरज पारदी (मोगिया), निवासी ग्राम सेंत्रडा के मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी थाना सुभाषपुरा के चोरी, लूट और मारपीट से जुड़े कई मामलों में फरार चल रहा था। पूछताछ के बाद विश्वनाथ के बताए स्थान पर दबिश देकर पुलिस ने उसके साथी प्रेमनारायण उर्फ रॉमी पुत्र नेमीचंद मोगिया उम्र 26 वर्ष और कुलदीप पुत्र सेसना मोगिया उम्र 26 वर्ष निवासीगण ग्राम सेवड़ा, थाना सुभाषपुरा को भी गिरफ्तार कर लिया। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी अरविन्द सिंह चौहान, उनि अरुण वर्मा, सउनि महेशदत्त शर्मा, प्रआर अभय सिंह, प्रआर राजेश मिश्रा, आरक्षक अवधेश शर्मा, सुखवीर सिंह जाट, धर्मेन्द्र शर्मा, संजय जाट, सलमान खान, महेन्द्र कुशवाह और अर्जुन सिंह जाट की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


