मगरौनी में जनसंवाद शिविर में उमड़ा जनसैलाब, मौके पर सुनीं समस्याएं

MP DARPAN
0

कलेक्टर ने छात्रावास-आंगनबाड़ी का किया औचक निरीक्षण, पात्र हितग्राहियों को मिली योजनाओं की सौगात

शिवपुरी। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत मगरौनी में विशाल जनसंवाद शिविर आयोजित किया गया। करैरा विधायक रमेश प्रसाद खटीक के मुख्य आतिथ्य और कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में हुए शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं आवेदन प्रस्तुत किए। अभियान 7 अगस्त 2026 से शुरू होकर 8 जनवरी 2027 तक संचालित किया जा रहा है। शिविर में कलेक्टर अर्पित वर्मा ने आमजन की समस्याएं एक-एक कर सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कराया। लंबित मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए। 

विधायक रमेश प्रसाद खटीक ने कहा कि शासन का उद्देश्य अंतिम छोर के पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और सुगम तरीके से पहुंचाना है। अभियान के तहत नगर परिषद मगरौनी में वृहद पौधारोपण भी किया गया। कार्यक्रम में विधायक रमेश प्रसाद खटीक, कलेक्टर अर्पित वर्मा, जिला पंचायत सीईओ विजय राज, नगर परिषद अध्यक्ष भवानी शंकर, उपाध्यक्ष जंडेल सिंह गुर्जर और एसडीएम करैरा अनुपम शर्मा, सीएमओ गोपाल गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि अधिकारी एवं हितग्राही मौजूद रहे।

छात्रावास और आंगनबाड़ी की व्यवस्थाएं परखीं

कलेक्टर अर्पित वर्मा ने शासकीय सीनियर बालक छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने उपलब्ध सीटों, विद्यार्थियों की उपस्थिति, रसोईघर और खाद्यान्न की गुणवत्ता की जानकारी ली तथा बच्चों से संवाद कर पढ़ाई और सुविधाओं की स्थिति जानी। इसके बाद बाल शिक्षा केंद्र निजामपुर, मगरौनी का निरीक्षण कर निरीक्षण पंजी, पंजीयन पंजी, स्टाफ रजिस्टर और पोषण आहार की गुणवत्ता जांची। कुपोषित ब'चों की एनआरसी संबंधी जानकारी लेते हुए साफ-सफाई और बेहतर बागवानी के निर्देश दिए।

हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

शिविर में पात्र हितग्राहियों को राशन पात्रता पर्ची, संबल योजना की दुर्घटना सहायता, क्रेडिट कार्ड, पीएम स्ट्रीट वेंडर एवं पीएम स्वनिधि योजना का लाभ, आवास योजना की सुविधा, आयुष्मान कार्ड और लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top