भाला फेंक में जीवितेश ने जीता पहला स्थान, एक सेंटीमीटर से तय हुई लंबी कूद की बाजी
शिवपुरी। 70वीं राज्य स्तरीय शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के तीसरे दिन शुक्रवार को खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर मुकाबलों को रोमांचक बना दिया। अंडर-17 पैदल चाल में ग्वालियर के दीपू तोमर और निहारिका राठौर विजेता रहे, जबकि लंबी कूद में भोपाल के देव शर्मा और इंदौर की स्तुति जायसवाल ने बाजी मारी। भाला फेंक में जबलपुर के जीवितेश भावरका अव्वल रहे। बाधा दौड़ और 400 मीटर दौड़ की हीट में भी खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया।
बालक 5000 मीटर पैदल चाल में दीपू तोमर ने 28 मिनट 13.53 सेकंड में दूरी पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। जबलपुर के लव टेमरे दूसरे और रीवा के सोम प्रजापति तीसरे स्थान पर रहे। बालिका 3000 मीटर पैदल चाल में निहारिका राठौर 18 मिनट 51.39 सेकंड के साथ प्रथम रहीं। जनजातीय कार्य विभाग की स्वाति खरते दूसरे और जबलपुर की याचना चौरसिया तीसरे स्थान पर रहीं। बालक लंबी कूद में देव शर्मा ने 7.09 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्णिम सफलता पाई। जबलपुर के केशव केशरी 6.06 मीटर और ग्वालियर के लोकेंद्र कुशवाह 6.05 मीटर के साथ क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। ग्वालियर के धार्मिक चौथे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में स्तुति जायसवाल 5.51 मीटर के साथ विजेता बनीं। भोपाल की हिमांशी गोयल दूसरे, जनजातीय कार्य विभाग की खुशी कनौजे तीसरे और ग्वालियर की आराध्या भदौरिया चौथे स्थान पर रहीं। भाला फेंक में जीवितेश भावरका ने 51.90 मीटर का प्रदर्शन किया। जनजातीय कार्य विभाग के नितेश मरकाम दूसरे और इंदौर के ऋतुराज तिवारी तीसरे स्थान पर रहे। ग्वालियर के आदित्य डांगी आठवें और अंश कुशवाह नौवें स्थान पर रहे। बालक 110 मीटर बाधा दौड़ की हीट में भोपाल के अर्णव श्रीवास्तव, जनजातीय कार्य विभाग के आशीष वास्केला और ग्वालियर के नरोत्तम तोमर अपनी-अपनी हीट में प्रथम रहे। नरोत्तम ने अगले दौर के लिए क्वालीफाई किया। बालिका 100 मीटर बाधा दौड़ में इंदौर की ग्रेस मार्टिन, नर्मदापुरम की ऋचा स्वामी और जनजातीय कार्य विभाग की सपना डावर अपनी-अपनी हीट में अव्वल रहीं। 400 मीटर दौड़ में सागर की अंजी अहिरवार पहले, जबलपुर की श्रेया कहार दूसरे और नर्मदापुरम की राधा यादव तीसरे स्थान पर रहीं। ग्वालियर की मान्यता धाकड़, इंदौर की सुनीता वसुनिया और शहडोल की श्रद्धा पटेल क्रमशः चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर रहीं।
तकनीक से तय हो रहे एथलेटिक्स के नतीजे
माधवराव सिंधिया खेल परिसर में पहली बार टाइम स्कोर रिजल्ट मशीन और फोटो फिनिश प्रणाली से खिलाड़ियों का समय और स्थान दर्ज किया जा रहा है। इससे फिनिश लाइन पर बेहद करीबी मुकाबलों का सटीक आकलन संभव हो रहा है। प्रदेश एथलेटिक्स संघ की ऑफिशियल्स टीम निर्धारित नियमों के अनुसार स्पर्धाओं का संचालन और परिणामों की पुष्टि कर रही है। तकनीकी रिकॉर्ड से नतीजों में पारदर्शिता बढ़ाने और आपत्तियों की स्थिति में परिणामों की दोबारा जांच करने में मदद मिल रही है।


