हेलमेट नहीं पहना तो चालान तय, शिवपुरी पुलिस ने निकाली जागरूकता रैली

MP DARPAN
0

एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना, शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरकर दिया यातायात नियमों के पालन का संदेश

शिवपुरी। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में चलाए जा रहे हेलमेट एवं सीट बेल्ट जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को शिवपुरी पुलिस ने शहर में हेलमेट जागरूकता रैली निकाली। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने तथा वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया।

रैली कोर्ट रोड, माधव चौक, ग्वालियर बायपास, झांसी तिराहा, गुरुद्वारा और राजेश्वरी रोड सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी और वापस पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर समाप्त हुई। रैली के दौरान पुलिसकर्मियों ने आमजन को समझाइश दी कि हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी है। अभियान के दौरान पुलिस द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी की जा रही है। शिवपुरी पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 950 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की है, जबकि बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वाले 500 लोगों के चालान किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति एवं सीएसपी सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में आयोजित इस रैली का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति नागरिकों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें। नियमों की अनदेखी करने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि यातायात नियमों का पालन कर स्वयं और अपने परिवार को सुरक्षित रखें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top