प्रांतीय संगठन मंत्री निखिलेश माहेश्वरी ने संकेत ध्वज दिखाकर रैली को किया रवाना
शिवपुरी। विद्या भारती पूर्व छात्र परिषद, मध्यभारत प्रांत के व्यसन मुक्ति पखवाड़े के तहत सरस्वती विद्यापीठ आवासीय विद्यालय के छात्रों ने गुरुवार को व्यसन मुक्ति जनजागरण रैली निकालकर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। रैली को विद्या भारती मध्यभारत प्रांत के प्रांतीय संगठन मंत्री निखिलेश माहेश्वरी ने संकेत ध्वज दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर माहेश्वरी ने कहा कि व्यसन व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करने के साथ परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में भी बाधक बनता है। युवावस्था जीवन निर्माण की अवस्था है, इसलिए विद्यार्थियों को स्वयं नशे से दूर रहते हुए अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यसनमुक्त भारत का निर्माण सामूहिक सहभागिता से ही संभव है और विद्यार्थी इस अभियान के प्रभावी वाहक बन सकते हैं। रैली में विद्यालय की घोष इकाई ने घोषवादन किया। घोष की धुन के बीच विद्यार्थियों ने व्यसन मुक्ति से जुड़े नारे लगाते हुए लोगों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रबंधक पवन शर्मा ने किया। इस अवसर पर सरस्वती विद्या प्रतिष्ठान मध्यप्रदेश भोपाल के सचिव दिग्विजय सिंह चौहान, अध्यक्ष मोहनलाल गुप्ता, शिवपुरी विभाग के विभाग समन्वयक राम कुमार व्यास, वरिष्ठ अधिवक्ता वीरेंद्र शर्मा, सह-प्रबंधक जितेन्द्र परसाई, प्राचार्य लोकेंद्र सिंह मेवाड़ सहित आचार्य परिवार और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।


