अनियमितता मिली तो कीटनाशक दुकान सील, कृषि विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप

MP DARPAN
0

डीएपी के विकल्प अपनाने की किसानों को सलाह, नरवाई जलाई तो लगेगा 15 हजार तक जुर्माना

शिवपुरी। जिले में कृषि आदान विक्रेताओं की मनमानी और अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए कृषि विभाग ने औचक निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में गुरुवार को एमएम हॉस्पिटल के पास स्थित मैसर्स दाउ ट्रेडर्स को अनियमितताएं मिलने पर तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। इस कार्रवाई से कृषि सामग्री विक्रेताओं में हड़कंप की स्थिति है।

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश तथा उप संचालक कृषि मुनेश कुमार शाक्य के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई के दौरान वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एसएस जाटव एवं विकासखंड स्तरीय दल ने प्रतिष्ठान का औचक निरीक्षण किया। दुकान के संचालक अंकेश धाकड़ हैं। निरीक्षण में सामने आई अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने प्रतिष्ठान सील करने की कार्रवाई की।

डीएपी के पीछे न भागें किसान, एनपीके भी अपनाएं

उप संचालक कृषि मुनेश कुमार शाक्य ने रबी मौसम 2026-27 में उर्वरक और बीज की उपलब्धता तथा वितरण व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। कृषि विभाग ने किसानों से केवल डीएपी पर निर्भर रहने के बजाय एनपीके एवं कॉम्प्लेक्स उर्वरकों का उपयोग करने की अपील की है। ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों और कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से गांवों में संगोष्ठियां आयोजित कर किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग के प्रति जागरूक किया जा रहा है। किसानों को नत्रजन, स्फुर और पोटाश का अनुशंसित मात्रा में इस्तेमाल करने तथा जैविक खाद को बढ़ावा देने की सलाह दी गई है।

नरवाई जलाई तो 15 हजार तक का जुर्माना

खेतों में नरवाई अथवा पराली जलाने पर जिले में पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। नियम तोडऩे वालों के विरुद्ध 2,500 से 15,000 रुपये तक जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने मक्का और धान की कटाई के बाद नरवाई नहीं जलाने की हिदायत दी है। इससे मिट्टी के लाभदायक सूक्ष्मजीव नष्ट होते हैं और भूमि की उर्वरता प्रभावित होती है।

आधुनिक कृषि यंत्र अपनाने की अपील

कृषि विभाग ने किसानों से सुपरसीडर, हैप्पीसीडर, स्मार्टसीडर और रोटावेटर का उपयोग करने की अपील की है, ताकि फसल अवशेष मिट्टी में मिलकर उसकी उर्वरा शक्ति बढ़ा सकें और आगामी रबी फसल की उत्पादकता में सुधार हो सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top