मुनि सुब्रत सागर जी महाराज के सानिध्य में होंगे कार्यक्रम
पोहरी। बैराड़ नगर में भगवान श्री 1008 आदिनाथ के पंच कल्याणक महोत्सव की तैयारियां जोरों से चल रही है। अयोध्या नगरी बनी बैराड़ में थाने के पीछे पंच कल्याणक की तैयारियां को लगभग अंतिम रूप दे दिया गया है। पंच कल्याणक महोत्सव 21 से 26 फरवरी तक मुनि सुव्रत सागर जी महाराज के सानिध्य में होंगे। पंच कल्याणक महोत्सव के लिए बैराड़ को अयोध्या नगरी का दर्जा दिया गया है।
प्रेस को जारी विज्ञप्ति में योगेन्द्र जैन पत्रकार ने बताया कि आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के शिष्य मुनि श्री सुब्रत सागर महाराज के पावन सानिध्य में अयोध्या नगरी में पंच कल्याणक एव गजरथ महोत्सव का आयोजन 21 से 26 फरवरी तक किया जा रहा है। पंच कल्याणक महोत्सव में प्रतिष्ठा आचार्य बाल ब्रह्मचारी संजय भैया जी मुरैना, सहयोगी बाल ब्रह्मचारी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
6 दिन तक लगातार चलेंगे धार्मिक कार्यक्रम
छह दिवसीय महोत्सव के दौरान कार्यक्रमों के क्रम में 21 फरवरी को मैन बाजार से भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा जो विभिन्न मार्गी से होते हुए कार्यक्रम स्थल अयोध्या नगरी थाने के पीछे पुहंचेगी। जहाँ पर ध्वजारोहण, मंडल प्रतिष्ठा सहित अन्य कार्यक्रम किए जाएंगे। इस दौरन भगवान का गर्भ कल्याणक की क्रिया भी प्रारंभ होगी। दूसरे दिन 22 फरवरी को मुनिश्री के प्रवचन के साथ ही माता के सोलह स्वप्न के बारे में बताया जाएगा। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन शाम को महाआरती का आयोजन किया जाएगा। तीसरे दिन 23 फरवरी को भगवान का जन्म कल्याणक अयोध्या नगरी बैराड़ में मनाया जाएगा बालक आदिकुमार का जन्म उत्सव बड़े ही धूम धाम से मनाया जाएगा एवं इंद्र दौर बालक तीर्थंकर का पाण्डुक शिला पर 1008 कलशों से जन्म अभिषेक किया जाएगा, साथ ही सौधर्म इंद्र का ताण्डव साथ ही धर्मसभा का आयोजन किया जाएगा। चौथे दिन 24 फरवरी को अयोध्या नगरी बैराड़ में युवराज आदिकुमार का विवाह संस्कार की क्रिया के साथ ही अन्य कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। अयोध्या नगरी का रुप ले चुकी बैराड़ नगर में राजा आदिकुमार का राज दरबार लगेगा। जिसमें आदिकुमार को वैराग्य कैसे हुआ, नीलांजना नृत्य के साथ ही सौधर्म इन्द्र द्वारा दीक्षा अभिषेक किया जाएगा। साथ ही तप कल्याणक का उत्सव मनाया जाएगा। पौचवे दिन 25 फरवरी को ज्ञान कल्याणक के साथ ही महा मुनि राज आदिकुमार की आहार चर्या, ज्ञान कल्याणक की आंतरिक क्रिया की जाएगी।
महोत्सव के अंतिम दिन निकाला जाएगा विशाल गजरथ
महोत्सव के अंतिम दिन 26 फरवरी को मोक्ष कल्याणक बड़े ही धूमधाम से मनाया जायगा, साथ ही अयोध्या नगरी में विशाल गजरथ महोत्सव निकाला जाएगा। इसके बाद वेदी में भगवान जी को विराजमान किया जाएगा।


