भाजपा में प्रत्याशी चयन की चिंता नहीं, कांग्रेस कैम्प में दावेदारों की भीड़ उमड़ी

MP DARPAN
0
पोहरी में कांग्रेस प्रभारी राजकुमार पटेल ने संभाली कमान, राठखेड़ा के चयन के लिए कार्यकर्ताओं से मांगी माफी 
शिवपुरी। प्रदेश में 24 सीटों पर हो रहे उपचुनाव में भाजपा की ओर से लगभग सभी सीटों पर प्रत्याशियों का चयन हो गया है। 22 सीटों पर तो विधायक पद से इस्तीफा देने वाले कांग्रेस के पूर्व विधायकों को उम्मीदवार बनाया जाना तय हो गया है। इसी क्रम में पोहरी विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी सुरेश राठखेड़ा होंगे। जबकि कांग्रेस अपने प्रत्याशियों की चयन प्रक्रिया में लगी हुई है। टिकट के लिए कांग्रेस दावेदारों की लंबी कतार हैं। जिनमें प्रमुख रूप से ब्राह्मण और धाकड़ जाति के उम्मीदवार हैं। हालांकि पिछले चुनाव में बसपा से लड़े कैलाश कुशवाह भी कांग्रेस से टिकट मांग रहे हैं। प्रत्याशी चयन हेतु और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिए प्रदेश कांग्रेस द्वारा पोहरी विधानसभा के लिए नियुक्त प्रभारी राजकुमार पटेल ने कमान संभाल ली है और उन्होंने क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं बैठक लेकर उनका मन जाना। कार्यकर्ता बैठक में श्री पटेल ने कार्यकर्ताओं से 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में राठखेड़ा के चयन के लिए माफी मांगी और कहा कि हम शर्मिंदा हैं कि विश्वासघाती लोग कांग्रेस टिकट पा गए। उन्होंने अपने विधायक के बिकने का भी आरोप लगाया। 
पोहरी में राजकुमार पटेल के समक्ष कांग्रेस टिकट के संभावित दावेदारों ने अपनी दावेदारी दमदारी से प्रस्तुत की। पोहरी विधानसभा क्षेत्र में अभी तक ब्राह्मण और धाकड़ उम्मीदवार ही जीतते रहे हैं। ब्राह्मण वर्ग से पूर्व विधायक हरिवल्लभ शुक्ला, अखिल शर्मा, नपा शिवपुरी के पूर्व उपाध्यक्ष अन्नी शर्मा, एनपी शर्मा आदि के समर्थकों ने प्रभारी राजकुमार पटेल के समक्ष अपने नेता की उम्मीदवारी का समर्थन किया। ब्राह्मण वर्ग के इन प्रमुख उम्मीदवारों में हरिवल्लभ शुक्ला दो बार के विधायक हैं। जबकि 2008 और 2013 के चुनाव में वह पराजित भी हो चुके हैं। एनपी शर्मा वर्ष 2008 के चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़े थे। लेकिन उनसे अधिक वोट बसपा के पराजित प्रत्याशी हरिवल्लभ शुक्ला ने प्राप्त किए थे। अखिल शर्मा पिछले दो चुनावों से टिकट की वाट जो रहे हैं। लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला। जबकि अन्नी शर्मा पहली बार पोहरी से विधानसभा का टिकट मांग रहे हैं। सिंधिया के कांग्रेस छोडऩे से पूर्व उक्त सभी नेता उनके समर्थक थे। लेकिन कांग्रेस में बने रहने का एक कारण विधानसभा टिकट की संभावना को भी माना जा रहा है। धाकड़ वर्ग से जनपद अध्यक्ष प्रधुम्र वर्मा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष विनोद धाकड़, जिला कांग्रेस के पूर्व कार्यवाहक अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण धाकड़ के पक्ष में भी प्रभारी पटेल के समक्ष जमकर लॉबिंग हुई। लेकिन कार्यकर्ता बैठक में श्री पटेल ने कहा कि उम्मीदवार चयन के लिए पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ सर्वे करा रहे हैं और उस सर्वे की रिपोर्ट के आधार पर टिकट दिया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जिसे भी टिकट दिया जाए उसे जिताने के लिए सभी कार्यकर्ता कमर कसें। टिकट का वितरण निष्पक्ष रूप से और सर्वे के आधार पर होगा। श्री पटेल ने कहा कि पोहरी में कांग्रेस का अच्छा वातावरण है। लेकिन पिछले चुनाव में हमें श्री राठखेड़ा को कांग्रेस प्रत्याशी बनाए जाने पर पश्चाताप है। उन्होंने इसके लिए कार्यकर्ताओं से माफी मांगी और कहा कि उपचुनाव में पराजित कर संदेश दिया जाए कि जनभावनाओं की उपेक्षा करने वालों के लिए लोकतंत्र में कोई स्थान नही है। इस अवसर पर मौजूद जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री प्रकाश शर्मा ने ज्योतिरादित्य सिंधिया को निशाने पर लेते हुए कहा कि उनके बारे में हम क्या कहें। जिस पार्टी में वह शामिल हुए हैं। उसके प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान खुद उन्हें विभीषण की संज्ञा दे रहे हैं। 
पटेल के समक्ष ब्लॉक अध्यक्ष अंसारी और सेवादल अध्यक्ष जैमिनी भिड़े 

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजकुमार पटेल के समक्ष ब्लॉक अध्यक्ष आफाक अंसारी और सेवादल अध्यक्ष शिवांश जैमिनी आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच जमकर गाली गलौच हुई। विधानसभा प्रभारी पटेल ने बड़ी मुश्किल से दोनों को समझा बुझाकर शंात किया। हुआ यह कि राजकुमार पटेल सेवादल पदाधिकारी शिवांश जैमिनी के घर जा रहे थे। यह बात श्री अंसारी को नागवार गुजरी और उन्होंने श्री पटेल से कहा कि वह तो भाजपा मानसिकता के हैं और उनके तार भाजपा से जुड़े हुए हैं। इसकी जानकारी लगने पर श्री जैमिनी भी वहां पहुंच गए और फिर श्री पटेल के समक्ष दोनों के बीच जमकर गाली गलौच शुरू हो गई। 

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top