शहर में सड़कों से लेकर निचली बस्तियां पानी से लबालब, मड़ीखेड़ा डेम के 6 गेट खोले
शिवपुरी। इसे मानसून की मेहरबानी कहें या प्रकोप कि इस सीजन बारिश जिला सहित शहर भर में गदर मचाए हुए है। मंगलवार से शुरू हुआ बारिश का दौर बुधवार रात तक बदस्तूर जारी रहा। जिस कारण शहर की सड़कों से लेकर निचली बस्तियां पानी से लबालब हो गई हैं। क्या गली-मोहल्ला और क्या कालोनियां शहर से लेकर गांवों तक चहुंओर पानी ही पानी दिखाई दिया। शहर की संजय कॉलोनी, फतेहपुर, रामबाग कॉलोनी, रेलवे स्टेशन रोड, पोहरी चौराहा, मनियर, फतेहपुर, मुदगल कॉलोनी आदि क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति के कारण लोग परेशान देखे गए। अलर्ट जारी कर मड़ीखेड़ा डेम के छह गेट खोल दिए गए हैं। भारी बारिश के चलते कलेक्टर ने केजी से लेकर 8वीं तक के छात्रों के लिए 12 सितम्बर तक की छुट्टी घोषित की गई है।
मौसम विभाग के अलर्ट के बाद मंगलवार से प्रारंभ हुआ बारिश का दौर बुधवार देर शाम तक जारी रहा। जिस कारण लोगों को जलभराव की समस्या से जूझना पड़ा। निचली बस्तियां जहां पानी से जलमग्न हो गईं तो शहर के प्रमुख बाजार और पॉश कालोनियों में भी भारी जलभराव हो गया। हालत इतनी बदतर हो गई कि कई कालोनियों में यह पानी लोगों के घरों तक में पहुंच गया। रातभर भारी बारिश के चलते शहर के बस स्टैंड क्षेत्र में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई। वहीं नदी नाले उफान पर आ गए हैं। गुना-अशोकनगर में बारिश हुई अच्छी बारिश के चलते मडीखेड़ा डेम के छह गेट खोल दिए गए हैं।
टेंट लगाने जा रहा लोडिंग वाहन तेज बहाव में बहा
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के कार्यक्रम के लिए टेंट का सामान भरकर ले जा रहा एक लोडिंग वाहन कोटा गांव के उफान मारते नाले को पार करते वक्त रपटे से बह गया। पुलिया से नीचे गिरने के बाद लोडिंग वाहन पानी में पूरी तरह से डूब गया। लोडिंग में सवार चार लोगों ने लोडिंग पर चढ़कर अपनी जान बचाई, बाद में ग्रामीणों ने दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बता दें कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 12 सितंबर गुरुवार को हातोद पंचायत में पीएम जनमन आवास की कालोनी का उद्घाटन करने पहुंचने वाले हैं। इस कार्यक्रम की तैयारी में जुटा लोडिंग वाहन टेंट ले जाते वक्त रपटे से बह गया। घटना के बाद मजदूर मायाराम जाटव, रिंकेश जाटव (ड्राइवर), विष्णु जाटव और कल्लन कुशवाह को ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया जबकि लोडिंग वाहन नाले में डूबा हुआ हैं।
नदी पार करते बहे दो युवक, लोगों ने रस्सी की मदद निकाला बाहर
जिले के कोलारस कस्बे में भारी बारिश हुई हैं इसके चलते कोलारस कस्बे की गुंजारी नदी में उफान आ गया। इस दौरान रामलीला मैदान के पास गुंजारी नदी के रपटे को पार करते वक्त दो युवक पुनिया जाटव और राकेश कुशवाह नदी के तेज बहाव में फस गए थे। इनमें से एक युवक बेहोश तक हो गया था। दोनों को किनारे पर खड़े लोगों ने रस्सी की मदद से बाहर निकालकर उनकी जान बचाई। दोनों युवक मानीपुरा से कस्बे की ओर आ रहे थे।
नरवर में तालाब हुआ ओवरफ्लो
शिवपुरी में भारी बारिश नरवर में हालात बिगड़ चुके हैं। रातभर नरवर में हुई मूसलाधार बारिश से कस्बे का लखना तालाब ओवरफ्लो हो गया। जिससे सड़कों पर नदियां बहने लगी हैं। इसके अतिरिक्त तालाब का पानी निकलकर खेतों में भर गया हैं। जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ हैं। आज सुबह 9 बजे अटल सागर (मडीखेड़ा) डेम के चार गेटों को खोल दिया गया हैं। यहां से 680 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा हैं। यह पानी मोहनी डेम में पहुंच रहा हैं। इसके चलते मोहनी डेम के गेटों को भी खोल दिया गया हैं। यह पानी नरवर क्षेत्र में सिंध नदी से होकर निकलता हैं। इससे नरवर में बाढ़ जैसे हालात बन रहे हैं। इधर नरवर में भारी बारिश के कारण बरूआ नाला उफान पर आ गया हैं। जिससे नरवर-सावोली मार्ग पर बनी पुलिया पर से बरुआ नाला ऊपर से बह रहा हैं। यहां एतियातन के तौर पर पुलिस को तैनात किया गया हैं।


