शिव परिवार की सुन्दर झांकी देखकर हजारों भक्त हुए मंत्रमुग्ध

MP DARPAN
0

-माधवचौक पर सजी गजकर्णक सेवा समिति की पहली झांकी ने ही अद्भुत समां बांधा 
- प्रसिद्ध समाजसेवी डॉ. रामकुमार शिवहरे ने झांकी का फीताकाट कर किया शुभारंभ 


शिवपुरी।
पिछले 14 वर्षों से गणेश महोत्सव पर झांकियां लगने का सिलसिला बंद था जिसे गजकर्णक सेवा समिति ने पुन: प्रारंभ कर एक अच्छी और अनुकरणीय पहल की है। माधव चौक पर सजी शिव परिवार की पहली झांकी ने ही अद्भुत समां बांधा है। आकर्षक झांकी की साजसज्जा और बेहतरीन निर्देशन देखकर हजारों भक्त मंत्र मुग्ध हो उठे और गणपत्ति बप्पा मोरिया के गगनभेदी नारों से उन्होंने आसमान गुंजायमान कर दिया। झांकी में भगवान शिव माँ पार्वती और अपने पुत्रगण गणेश और कार्तिकेय के साथ कैलाश पर्वत पर विराजमान का दृश्य  इस शानदार ढंग से चित्रित किया गया। जिसे देखकर साक्षात कैलाश पर्वत की कल्पना साकार हो उठी। झांकी का शुभारंभ शहर के वरिष्ठ व्यवसायी एवं समाजसेवी डॉ. रामकुमार शिवहरे ने अपने कर कमलों से फीताकाट कर किया। वहीं शीतला माता समिति द्वारा बड़ा बाजार पुरानी शिवपुरी में 15 फीट की भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई है जहां समिति के सदस्य भगवान श्री गणेश की सेवाभाव एवं आराधना में लीन हैं और आकर्षक झांकियां लगाई जा रही है। वहीं आज झांकी में महादेव के साथ ज्योर्तिलिंग के दर्शन करने को मिलेंगे।

शिवपुरी में गणेश चतुर्थी के साथ ही दस दिवसीय गणेश महोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ हो गया है। काफी समय पूर्व गणेश महोत्सव में अनंत चौदस के दिन निकलने वाली चल झांकियों के साथ-साथ अचल झांकियां भी शहर के विभिन्न स्थानों पर लगाई जाती थी। जिनमें विद्युत मंडल पर लगने वाली झांकी आकर्षण का केन्द्र रहती थी। जिसे निहारने शहर के हजारों लोग प्रतिदिन झांकी स्थल पर पधारते थे और रात भर शहर में रौनक का वातावरण रहता था लेकिन समय के साथ-साथ विद्युत मंडल के साथ शहर में अन्य स्थानों पर लगने वाली अचल झांकियां बंद हो गई।  परन्तु अब धार्मिक संस्था गजकर्णक सेवा समिति ने इस दिशा में फिर एक अनूठी पहल की है और इसी कड़ी में उन्होंने 12 नवम्बर गुरूवार से प्रतिदिन माधव चौक पर आकर्षक चल झांकी लगाने का शुभारंभ किया है। पहले दिन माधव चौक चौराहे पर समिति ने भगवान गणेश की स्थापना के साथ ही झांकी लगाने का सिलसिला शुरू किया है। पहली झांकी का शुभारंभ कल रात 9 बजे किया गया। जिसका शुभारंभ फीता काटकर शहर के वरिष्ठ समाजसेवी, व्यवसायी डॉ. रामकुमार शिवहरे ने फीता काटकर किया। पहली झांकी में भगवान शिव के परिवार की झांकी का सजीव  चित्रण किया गया।  शिव परिवार की मनोहारी झांकी देखने के लिए  शहर भर के लोग पाण्डाल पर एकत्रित हो गए। झांकी रात्रि 9 बजे खोली गई।  जिसे देखने के लिए भक्त हजारों की संख्या में रात्रि 12 बजे तक पाण्डाल के समक्ष ही खड़े रहे। झांकी खुलने से पूर्व श्री शिवहरे ने गणेश पाण्डाल में भगवान गणेश की विधि विधान से पूजा की और फिर भी आरती उतारकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। आरती के पश्चात झांकी पाण्डाल में फीता काटकर झांकी का शुभारंभ किया और भगवान शिव की आरती की। इस दौरान उनके सुपुत्र तरूण शिवहरे और नाती युवान शिवहरे भी मौजूद रहे। श्री शिवहरे के सहित पाण्डाल में समिति के रोहित मिश्रा, पवन शर्मा, अरविन्द सरैया, हरिवल्लभ शर्मा राजू, संजय भार्गव राष्ट्रीय, विपिन पचौरी, प्रशांत पाठक, मोहित मिश्रा, राहुल मिश्रा, गोलू मिश्रा, लखन शर्मा, सोनू शर्मा, आनंद कैची, ऋषि शर्मा, सोनू रजक, राजा राठौर, कपिल मिनोचा, हृदेश सचदेवा, सूरजमल जैन, भोलू सिकरवार, मुकेश सोनी, महेन्द्र पाल,  विजय शर्मा पार्षद, विवेक अग्रवाल पूर्व पार्षद, धर्मेन्द्र राठौर सहित अनेकों लोग मौजूद रहे। झांकी का सुन्दर पांडाल तैयार करने में बंटी जैन टेंट बाले व झांकी का चित्रण करने वाले डेविड शर्मा सर, बन्नू सैन एवं आकर्षक लाईटिंग की व्यवस्था गणेश गर्ग द्वारा की गई है। 

डोल ग्यारस को होगा विशाल भण्डारा

गजकर्णक सेवा समिति द्वारा कल डोल ग्यारस को विशाल भण्डारे का आयोजन किया जाएगा जिसमें गर्मागर्म पुड़ी सब्जी का वितरण किया जाएगा। भण्डारा शाम 5 बजे प्रारंभ होगा। 


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top