भाजपा जिलाध्यक्ष पद पर पार्टी सहमति बनाने में जुटी

MP DARPAN
0

रायशुमारी में सर्वसम्मति नहीं उभरी, जिलाध्यक्ष की घोषणा एक सप्ताह टली


शिवपुरी।
शिवपुरी में भाजपा जिलाध्यक्ष चुनने हेतु निर्वाचन अधिकारी शैलेन्द्र शर्मा ने टूरिस्ट विलेज में पात्र कार्यकर्ताओं से रायशुमारी ली और जिलाध्यक्ष पद हेतु प्रत्येक पात्र कार्यकर्ता से पांच-पांच नाम लिए। लेकिन सूत्र बताते हैं कि रायशुमारी में सर्व सम्मिति नहीं उभरी और लगभग एक दर्जन दावेदारों के नाम सामने आए। सूत्र यह भी बताते हैं कि कल दिल्ली में घटनाक्रम काफी तेज रहे। अध्यक्ष पद के दावेदारों ने केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से चर्चा की वहीं यह भी स्पष्ट हुआ कि जिलाध्यक्ष पद की घोषणा एक सप्ताह के लिए टाल दी जाए। अब उम्मीद है कि सात जनवरी के बाद ही तय होगा की जिलाध्यक्ष पद पर किसकी ताजपोशी होती है। लेकिन यह तय माना जा रहा है कि केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की एनओसी जिसे मिलेगी वहीं नया जिलाध्यक्ष बनेगा। 

रायशुमारी में सूत्र बताते हैं कि शिवपुरी विधायक देवेन्द्र जैन ने पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील रघुवंशी और मनीष अग्रवाल के नाम को आगे बढ़ाया वहीं कोलारस विधायक महेन्द्र यादव ने अपनी सुपुत्री जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव के नाम की पैरवी की। आश्चर्य जनक रूप से सिंधिया खैमे से पूर्व विधायक जसमंत जाटव का नाम सामने आया। इनके अलावा अन्य पिछड़ा वर्ग से हेमंत ओझा, सामान्य वर्ग से धैर्यवर्धन शर्मा, विजय शर्मा, अनुराग अष्ठाना आदि के नए नाम भी सामने आए। अनुसूचित जाति वर्ग से नए दावेदारों में शकुंतला खटीक, विधायक रमेश खटीक के पुत्र मुकेश खटीक का नाम भी चला। प्रमुख दावेदारों में सामान्य वर्ग से सोनू बिरथरे,अनुसूचित जाति वर्ग से गगन खटीक और महिला वर्ग से श्रीमती सीमा शिवहरे का नाम भी सामने आया। वर्तमान जिलाध्यक्ष राजू बाथम का नाम भी सामने आया। जहां तक गाइड लाइन का सवाल है उसमें 60 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्ति को जिलाध्यक्ष नहीं चुना जाएगा, लेकिन पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष ने बयान दिया है कि पात्र व्यक्ति को उम्र के बंधन से छूट मिल सकती है। लेकिन दावेदार के लिए 6 वर्ष की सक्रिय सदस्यता आवश्यक है। इस आधार पर केन्द्रीय मंत्री सिंधिया के साथ आए जिलाध्यक्ष पद के दावेदारों के लिए गुंजाईश कम दिखती है, लेकिन 25 दिसम्बर से आश्चर्यजनक रूप से जिलाध्यक्ष पद हेतु पूर्व विधायक जसमंत जाटव सक्रिय हुए हैं। सूत्र बताते हैं कि उनसे वायोडाटा मांगा गया है। श्री जाटव रविवार को दिल्ली जाकर केन्द्रीय मंत्री सिंधिया से भी मिल चुके हैं। लेकिन सवाल यह है कि 6 वर्ष की सक्रिय सदस्यता के मामले में क्या उन्हें छूट मिलेगी। सिंधिया खैमे से सामान्य वर्ग से दावेदार विजय शर्मा भी बताए जा रहे है, हालांकि रायशुमारी में सिंधिया खैमे की ओर से जसमंत जाटव के नाम की पैरवी की गई है। देखना यह है कि अंतत: जिलाध्यक्ष पद पर किसकी ताजपोशी होती है। 


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top