शिवपुरी। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2025 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 16 मार्च 2025 तक बढ़ा दी गई है। इस कार्यक्रम में 18 से 25 वर्ष की आयु के युवा भाग ले सकते हैं, जिनकी आयु 1 फरवरी 2025 तक निर्धारित सीमा के भीतर होनी चाहिए। इच्छुक प्रतिभागी माय भारत पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
नेहरू युवा केंद्र शिवपुरी के उपनिदेशक विनोद चतुर्वेदी ने बताया कि यह कार्यक्रम जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित किया जाएगा। चयनित युवाओं को मध्य प्रदेश विधानसभा, भोपाल में अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर चयनित प्रतिभागी नई दिल्ली स्थित भारतीय संसद में अपनी बात रख सकेंगे। इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों को आवेदन के साथ आपकी दृष्टि में विकसित भारत का क्या अर्थ है? विषय पर 1 मिनट का वीडियो अपलोड करना होगा। इस वीडियो के आधार पर शिवपुरी और श्योपुर जिलों से 150 सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा। इन प्रतिभागियों को शासकीय कन्या महाविद्यालय, शिवपुरी में एक राष्ट्र, एक चुनाव विषय पर विचार रखने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। इस स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में से 10 विजेताओं का चयन किया जाएगा, जो राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए भोपाल जाएंगे। राज्य स्तर पर चुने गए प्रतिभागियों को मध्य प्रदेश विधानसभा में अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा, जहां से तीन सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर के विजेताओं को नई दिल्ली की संसद में अपने विचार प्रस्तुत करने का मौका मिलेगा। इस आयोजन में शिक्षाविद, पत्रकार, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं समाज के गणमान्य व्यक्तित्व चयन प्रक्रिया का हिस्सा होंगे। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना और नेहरू युवा केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में किया जाएगा, जिसमें शिवपुरी एवं श्योपुर जिलों के समस्त सरकारी और निजी महाविद्यालयों एवं युवा संगठनों की भागीदारी होगी। कार्यक्रम से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए प्रतिभागी राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला नोडल अधिकारी डॉ. एस.एस. खंडेलवाल से संपर्क कर सकते हैं।


