शिवपुरी। कोलारस विधानसभा क्षेत्र में विकास की एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हुई है। विधायक महेन्द्र यादव के अथक प्रयासों और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के मार्गदर्शन से मेघोनाबड़ा से रुसल्ला को जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित पुल निर्माण को प्रशासकीय स्वीकृति मिल गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर सरकार 1366.76 लाख रुपये (13.66 करोड़) खर्च करेगी।
यह पुल पुरा छोच नदी पर बनेगा, जो क्षेत्रीय आवागमन की रीढ़ बनेगा। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होते ही कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। इस पुल के निर्माण से रुसल्ला, अमरोद सहित सैकड़ों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। वर्तमान में जहां लोगों को 60 किलोमीटर का लंबा और कठिन रास्ता तय करना पड़ता है, अब वही सफर कुछ ही मिनटों में सुलभ हो सकेगा। विधायक यादव ने जानकारी साझा करते हुए कहा, यह केवल पुल नहीं, बल्कि हमारे क्षेत्रवासियों के विश्वास, संघर्ष और विकास की एक मजबूत कड़ी है। यह सब कुछ संभव हो सका है हमारे प्रेरणास्रोत, केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया जी की विशेष पहल से। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार जनकल्याण और समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। हर गांव, हर सड़क और हर नागरिक तक सुविधाएं पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।