शिवपुरी। बढ़ती सायबर ठगी की घटनाओं के बीच, शिवपुरी पुलिस ने एक बार फिर अपनी त्वरित और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए 90 हजार रुपए की धोखाधड़ी की राशि फरियादी के खाते में वापस कराई है। यह बड़ी सफलता सायबर सेल प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह जाट एवं उनकी टीम की सजगता और समर्पण का परिणाम है।
30 जून 2025 को राजपुरा रोड निवासी अभिषेक गुप्ता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई कि किसी अज्ञात शख्स ने उनके स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते से धोखाधड़ी कर 90 हजार रुपए निकाल लिए हैं। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देशानुसार, सायबर सेल प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह जाट ने तत्काल मामले की जांच शुरू की। साइबर सेल टीम ने एमपीएल और पेययू के साथ समन्वय कर संबंधित खाते और वॉलेट की पूरी जानकारी प्राप्त की। तत्पश्चात 90,000 रुपये की राशि को तत्काल वापस करने में सफलता मिली। शिकायतकर्ता अभिषेक गुप्ता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय आकर टीम की तारीफ की और उनकी तत्परता के लिए आभार व्यक्त किया।
सायबर सेल शिवपुरी की सफलता के प्रमुख पहलू
त्वरित और प्रभावी शिकायत निवारण।
आधुनिक तकनीकी संसाधनों का कुशल उपयोग।
एमपीएल और पेययू जैसी डिजिटल कंपनियों के साथ सटीक समन्वय।
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ एवं अति. पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के मार्गदर्शन में प्रभावी कार्रवाई।
सायबर अपराध से बचाव के लिए सायबर सेल शिवपुरी के सुझाव
AEPS फ्रॉड से बचने के लिए MY ADHAR APP में बायोमेट्रिक लॉक ज़रूर लगाएं।
फर्जी लोन एप डाउनलोड न करें और अपने मोबाइल की सुरक्षा सशक्त बनाएं।
किसी भी कॉल, मैसेज या ईमेल में अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचें।
अनजान लिंक पर कभी क्लिक न करें और ओटीपी किसी के साथ साझा न करें।
इंटरनेट पर अनजान वेबसाइटों पर लॉगिन करते समय सतर्क रहें।