युवा मोहित अग्रवाल के कांग्रेस जिलाध्यक्ष बनने से संगठन को मिलेगी नई दिशा और ऊर्जा
शिवपुरी। कांग्रेस हाईकमान ने शिवपुरी जिले की कमान एक बार फिर युवा और ऊर्जावान चेहरा मोहित अग्रवाल को सौंपी है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने मध्यप्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 71 जिलाध्यक्षों की घोषणा की है, जिसमें शिवपुरी से मोहित अग्रवाल को जिला कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इससे पहले यह जिम्मेदारी विजय सिंह चौहान संभाल रहे थे।
मोहित अग्रवाल का यह सफर नया नहीं है। साल 2020 में जब सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थामा, तब ग्वालियर-चंबल संभाग में कांग्रेस की स्थिति डगमगाई थी। उसी दौर में मोहित अग्रवाल को शहर कांग्रेस अध्यक्ष का पद सौंपा गया था। उस कठिन समय में उन्होंने संगठन को संभाला, कार्यकर्ताओं को जोड़ा और कांग्रेस की जड़ों को मजबूत करने का काम किया। लगातार सक्रियता और बेदाग छवि ने उन्हें संगठन का भरोसेमंद चेहरा बना दिया। पार्टी ने उनकी कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता पर विश्वास जताते हुए अब उन्हें जिला कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है। 42 वर्षीय मोहित अग्रवाल गल्ला व्यवसायी और कोल्ड स्टोरेज संचालक हैं। शहर के प्रतिष्ठित परिवार से ताल्लुक रखने वाले मोहित, लंबे समय से कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े हुए हैं और सामाजिक सरोकारों में उनकी गहरी भागीदारी रही है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अब तक जो भी दायित्व दिया, उसे पूरी निष्ठा से निभाने की कोशिश की है। अब जिला अध्यक्ष का पद सौंपा गया है, इसे युवाओं और वरिष्ठों को साथ लेकर मजबूती से निभाऊंगा। जिलेभर में उनके जिलाध्यक्ष बनने की खबर फैलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। जगह-जगह मिठाइयां बांटी गईं, आतिशबाजी हुई और शुभकामनाओं का सिलसिला शुरू हो गया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि मोहित अग्रवाल का नेतृत्व संगठन को नई दिशा और ऊर्जा देगा।


