शिवपुरी। जिले में पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के सख्त निर्देशन और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान का असर साफ नजर आ रहा है। कोतवाली पुलिस ने एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास और आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण जैसे गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
पहला मामला : हत्या के प्रयास में फरार दो आरोपी गिरफ्तार
दिनांक 11 सितंबर 2025 को फरियादी शंकर रावत पुत्र सिरनाम रावत निवासी सिंहनिवास ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उत्तम रावत, बाबू रावत, कल्ला रावत, रामकुमार रावत और छिग्गा रावत ने उस पर जान से मारने की नीयत से हमला किया। इस पर अपराध क्रमांक 585/25 धारा 109, 126(2), 296, 115(2), 118(1), 3(5) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी उत्तम रावत पुत्र कल्याण रावत उम्र 35 वर्ष और छिग्गा उर्फ रामनिवास रावत पुत्र बाबूलाल रावत उम्र 30 वर्ष, दोनों निवासी सिंहनिवास को टीआई कृपाल सिंह राठौड़ की टीम ने पकड़कर जेल भेज दिया। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक कृपाल सिंह राठौड़, उपनिरीक्षक सुमित शर्मा, सउनि आविद खान, प्रआर बीरबल सिंह, प्रआर महेश भास्कर की अहम भूमिका रही।
दूसरा मामला : युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने वाला आरोपी गिरफ्तार
इसी बीच, कोतवाली पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण के अपराध क्रमांक 572/25 में आरोपी रोहित गुर्जर पुत्र जण्डेल गुर्जर उम्र 22 वर्ष निवासी बारा, थाना सुभाषपुरा को भी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। घटना 28 सितंबर 2025 की है, जब फरियादी खुमान सिंह पाल निवासी बांरा ने बताया कि उसकी पुत्री सपना पाल ने त्रिकोण पार्क में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जांच में पता चला कि मृतिका को आरोपी रोहित गुर्जर द्वारा लगातार प्रताडि़त किया जा रहा था, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। टीआई कृपाल सिंह राठौड़ की टीम ने आरोपी को कस्टम गेट के पास से भागने की कोशिश करते वक्त दबोच लिया। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक कृपाल सिंह राठौड़, उपनिरीक्षक सुमित शर्मा, उनि पूजा धुरैया, प्रआर शैतान सिंह, आर राजवीर यादव, प्रआर चालक उस्मान की विशेष भूमिका रही।


