विश्व डाक दिवस पर पोस्टाथॉन वॉक का भव्य आयोजन, डाक कर्मियों ने दिया स्वच्छता और फिटनेस का संदेश

MP DARPAN
0

शिवपुरी। विश्व डाक दिवस के अवसर पर बुधवार को शिवपुरी डाक संभाग द्वारा पोस्टाथॉन वॉक का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अधीक्षक डाकघर एच.एस. भिलवार के नेतृत्व में अत्यंत उत्साह और अनुशासन के साथ संपन्न हुआ।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8 बजे शिवपुरी प्रधान डाकघर से हुआ, जो तात्या टोपे स्मारक पर जाकर संपन्न हुआ। वॉक में डाक संभाग के अधिकारी, उपसंभागीय प्रमुखगण, उपडाकपाल, डाक सहायक, पोस्टमैन, एम.टी.एस. कर्मचारी एवं ग्रामीण डाक सेवक बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए। सभी प्रतिभागी सफेद परिधान में सुसज्जित होकर स्वास्थ्य, स्वच्छता और टीम भावना का प्रतीक बने।

शहीद तात्याटोपे को दी श्रद्धांजलि, श्रमदान से दिया स्वच्छता संदेश

वॉक के दौरान सभी प्रतिभागियों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद तात्या टोपे को नमन किया और उनके योगदान को स्मरण किया। इसके पश्चात कार्यालय परिसर में श्रमदान किया गया, जिसमें सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। श्रमदान के माध्यम से स्वच्छ डाक परिसर स्वस्थ भारत का संकल्प दोहराया गया।

डाक सेवा–जन सेवा और फिट इंडिया हिट इंडिया के नारों से गूंजा वातावरण

कार्यक्रम के दौरान डाक कर्मचारियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। फिटनेस और सेवा भावना को बढ़ावा देने वाले इन नारों ने कार्यक्रम के माहौल को ऊर्जावान बना दिया। अपने संबोधन में अधीक्षक डाकघर एच.एस. भिलवार ने कहा कि विश्व डाक दिवस डाक विभाग की जनसेवा और उत्तरदायित्व की परंपरा को समर्पित दिवस है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की निष्ठा, सेवा भावना और समाज के प्रति समर्पण ही विभाग की असली ताकत है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने और फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत शारीरिक सक्रियता बनाए रखने का आह्वान किया। अंत में उन्होंने कहा कि शिवपुरी डाक संभाग अब केवल पत्र वितरण तक सीमित नहीं, बल्कि समाज की सेवा, जुड़ाव और सशक्तिकरण का प्रतीक बन चुका है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top