साइबर फ्रॉड, गुड टच-बैड टच व बाल विवाह जैसे विषयों पर दी महत्वपूर्ण जानकारी
शिवपुरी। पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार 1 जनवरी से 31 नवंबर 2025 तक संचालित ऑपरेशन मुस्कान अभियान के तहत आज पुलिस थाना करैरा की टीम ने बालिका उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करैरा में छात्राओं को सुरक्षा और जागरूकता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी करैरा आयुष जाखड़ (आईपीएस) के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी टीआई विनोद सिंह छाबई के नेतृत्व में आयोजित किया गया। टीम का नेतृत्व उपनिरीक्षक अंजली सिंह ने किया।
सत्र के दौरान छात्राओं को समझाया गया कि वे बिना बताए कहीं न जाएं, किसी अजनबी के बहकावे या लालच में न आएं तथा ऑनलाइन फ्रॉड और झूठे प्रलोभनों से बचें। पुलिस अधिकारियों ने गुड टच-बैड टच, बाल विवाह, दहेज प्रथा, साइबर अपराध जैसे विषयों पर छात्राओं को जागरूक किया। इस अवसर पर छात्राओं को अपराधियों से सतर्क रहने की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने पुलिस टीम से कई सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से जवाब देकर उनकी जिज्ञासाएँ शांत कीं। विद्यालय की प्राचार्या, शिक्षिकाएँ एवं स्टाफ सदस्य भी इस दौरान उपस्थित रहे। इस जनजागरण कार्यक्रम में सउनि शैलेंद्र सिंह चौहान, आरक्षक जितेंद्र कुमार तथा एनआरएस सुरेंद्र लोधी की विशेष भूमिका रही।


