शिवपुरी। गौवंश की तस्करी पर शिकंजा कसते हुए पोहरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई कर क्रूरता पूर्वक भरे गए गौवंश से लदे एक कंटेनर ट्रक को जब्त कर लिया। हालांकि पुलिस की दबिश के दौरान आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम एवं पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी आनंद राय के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक रवि चौहान ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर रखा था। बुधवार रात गश्त के दौरान सूचना मिली कि गुढ़ा गांव के पास एक कंटेनर में गौवंश को क्रूरता पूर्वक भरकर परिवहन की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कंटेनर क्रमांक आरजे-26-जीए-9080 को कब्जे में ले लिया। जांच में कंटेनर के भीतर बड़ी संख्या में गाय के बछड़े ठूंस-ठूंसकर भरे मिले। कार्रवाई के दौरान कुछ गौवंश जंगल की ओर भाग गए, जबकि शेष गौवंशों को चिकित्सकीय परीक्षण के बाद गौशाला में सुरक्षित भेज दिया गया। थाना पोहरी में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 167/2026 के तहत धारा 4, 6, 9 म.प्र. गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम एवं धारा 11 पशु क्रूरता अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक रवि चौहान, उपनिरीक्षक वीरेन्द्र परिहार, प्रधान आरक्षक हृदेश पाराशर तथा आरक्षक मुनेश धाकड़, राघवेन्द्र यादव, अरविंद कुशवाह एवं धर्मेन्द्र रावत की सराहनीय भूमिका रही।


