24 घंटे में खुला विद्युत तार चोरी कांड, 5.90 लाख का माल बरामद, दो आरोपी जेल भेजे गए

MP DARPAN
0

शिवपुरी। तेंदुआ थाना पुलिस ने विद्युत तार चोरी के मामले में महज 24 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी गया लगभग 250 किलो एल्युमीनियम विद्युत तार एवं वारदात में प्रयुक्त थ्रीव्हीलर टेम्पो बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 5 लाख 90 हजार रुपए बताई गई है।

तेंदुआ थाना प्रभारी नीतू सिंह धाकड़ के अनुसार, 10 जून 2026 को विद्युत वितरण केन्द्र कोलारस ग्रामीण में पदस्थ लाइनमैन हुकम सिंह रावत ने थाना तेंदुआ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने आठ खंभों से विद्युत तार चोरी कर लिया है। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 99/26 दर्ज कर धारा 303(2) बीएनएस एवं धारा 136 विद्युत अधिनियम के तहत विवेचना शुरू की। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में तेंदुआ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों वीरू उर्फ वीरेन्द्र राठौर उम्र 28 वर्ष एवं संदीप राठौर उम्र 32 वर्ष निवासी लोहपीटा मोहल्ला, बरोद रोड, बैराढ़ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी के 9 बंडल एल्युमीनियम तार, कटे हुए तार के टुकड़े तथा चोरी में प्रयुक्त टेम्पो जब्त किया गया। पूछताछ में आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक नीतू सिंह धाकड़, सउनि जितेन्द्र सिंह जाट, आरक्षक भुवनेश शर्मा, पवन जाट, प्रवेश कुमार, वाहन चालक लोकेन्द्र झाला की अहम भूमिका रही।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top