संत रविदास की 650वीं जयंती पर भाजपा का समरसता अभियान शुरू

MP DARPAN
0

29 जुलाई को जिले के सभी मंदिरों में होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

शिवपुरी। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 29 जुलाई 2026 (गुरु पूर्णिमा) से 20 फरवरी 2027 तक राष्ट्रव्यापी श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत जिले के सभी संत रविदास मंदिरों में सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

भाजपा जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव के मार्गदर्शन में अनुसूचित जाति मोर्चा द्वारा जिला कार्यालय पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा तय करते हुए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। जिला महामंत्री केपी परमार एवं अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष सत्यप्रकाश भरदेलिया ने बताया कि 29 जुलाई को जिले के सभी संत रविदास मंदिरों में भजन-कीर्तन, संगोष्ठी, सामूहिक भंडारा और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के माध्यम से संत रविदास महाराज के समता, सेवा, भक्ति, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास का मन चंगा तो कठौती में गंगा का संदेश आज भी सामाजिक समरसता और भाईचारे की प्रेरणा देता है। भाजपा इस अभियान के जरिए उनके विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाकर सामाजिक एकता को और मजबूत करेगी। कार्यशाला में भाजपा नेता एवं वरिष्ठ पार्षद विजय सिंह यादव, राकेश परिहार, हर्ष भरदेलिया, सुरेन्द्र पचौरी, अभय जैन, अंकू जैन सहित अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, पार्षद एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top