शिवपुरी। जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता जांच का अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शिवपुरी, कोलारस, पोहरी और बदरवास में व्यापक जांच अभियान चलाकर 7 प्रतिष्ठानों से दूध, मावा, पनीर और दही के नमूने एकत्र किए हैं।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन के उपसंचालक ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषी पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। अभियान के तहत छत्री रोड, विष्णु मंदिर के पास स्थित न्यू जैन दूध डेयरी से मावा एवं पनीर, गुर्जर दूध डेयरी से खुला दूध, लुकवासा (कोलारस) स्थित पवन दूध डेयरी से पनीर एवं दूध, ग्वालियर बायपास पर नरेश गुर्जर के चलित वाहन से खुला दूध, ग्राम झिरी (पोहरी) स्थित दिलीप दूध डेयरी से दही एवं दूध, जबकि बदरवास स्थित मिश्री दूध डेयरी से सप्रेटा दही तथा माखन दूध डेयरी से खुला दूध के नमूने लिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे केवल विश्वसनीय प्रतिष्ठानों से ही दूध एवं दुग्ध उत्पाद खरीदें। यदि कहीं मिलावटी या खराब गुणवत्ता के खाद्य पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल खाद्य एवं औषधि प्रशासन को सूचित करें, ताकि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा सके।


