गोरखनाथ मंदिर में विशाल हिन्दू सम्मेलन, सामाजिक समरसता और एकता का संदेश

MP DARPAN
0

ओम को मानने वाला हर व्यक्ति सनातन धर्म का है: मनु जैन

शिवपुरी। शहर के गोरखनाथ मंदिर परिसर में रविवार को सकल हिन्दू समाज द्वारा विशाल हिन्दू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आयोजन समिति सिद्धेश्वर बस्ती द्वारा हनुमान चालीसा के पाठ के साथ हुआ। मम दीक्षा हिंदू रक्षा, मम मंत्र समानता के ध्येय वाक्य के साथ आयोजित इस सम्मेलन में समाज में एकता, समरसता और समानता का संदेश दिया गया। सम्मेलन में शिरोमणि संत श्री 1008 नवीन गिरी खड़ेश्वरी महाराज, 108 पवन दास (गोरखनाथ मंदिर), महंत राकेश उपाध्याय, महंत गोपाल भट्ट, महंत नन्ना जी अतिथि के रूप में तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक मनु जैन मुख्य वक्ता के रूप में मंचासीन रहे।

मुख्य वक्ता मनु जैन ने अपने संबोधन में कहा कि हिन्दू और हिंदुत्व की परिभाषा को समाज तक पहुंचाने के लिए संघ निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश में जब भी कोई आपदा आती है, संघ सबसे पहले सेवा के लिए आगे खड़ा होता है। समाज के हर वर्ग, हर क्षेत्र और हर हृदय तक पहुंचना ही इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य है। उन्होंने सामाजिक समरसता, सद्भाव और मजबूत समाज के निर्माण के लिए पंच परिवर्तन को आवश्यक बताया। मनु जैन ने कहा कि हर वह व्यक्ति जो ओम् को मानता है, वह सनातन धर्म से जुड़ा है। कार्यक्रम में मातृ शक्ति की ओर से रजनी मिश्रा ने ओजस्वी उद्बोधन देकर उपस्थित जनसमूह को प्रेरित किया। मंचासीन संतों और महंतों ने भी हिन्दू समाज की एकता, सांस्कृतिक मूल्यों और संगठनात्मक शक्ति पर प्रकाश डाला। समारोह के अंत में भारत माता की सामूहिक आरती की गई और भारत माता की जय के उद्घोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top